– सीटू के नेतृत्व में गेट मीटिंग, चेतावनी, मांगें नहीं मानी गईं तो श्रीगंगानगर व हनुमानगढ़ में होगा कार्य बंद
हनुमानगढ़। भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) में कार्यरत लेबर एवं पल्लेदार मजदूरों ने भीषण गर्मी के बीच कार्य समय में बदलाव की मांग को लेकर मंगलवार को एफसीआई लेबर एवं पल्लेदार मजदूर यूनियन (सीटू) के बैनर तले जिला महासचिव गुरुप्रेम सिंह के नेतृत्व में गेट मीटिंग आयोजित कर प्रदर्शन किया। इस दौरान मजदूरों ने जिला प्रबंधक, भारतीय खाद्य निगम, श्रीगंगानगर के नाम ज्ञापन भेजकर गर्मी के मौसम को देखते हुए गेहूं लोडिंग कार्य का समय परिवर्तित करने की मांग की।
गेट मीटिंग को संबोधित करते हुए यूनियन उप प्रधान अफसर अली ने कहा कि वर्तमान में श्रीगंगानगर एवं हनुमानगढ़ जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच चुका है। ऐसे में खुले मैदानों और गोदामों में गेहूं लोडिंग का कार्य करना मजदूरों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन गया है। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच तेज धूप और लू के कारण कई मजदूरों की तबीयत बिगड़ रही है तथा हीट स्ट्रोक का खतरा लगातार बना हुआ है।
यूनियन ने मांग की कि सुबह 8 बजे वाहनों की कांटा प्रक्रिया पूरी कर लोडिंग कार्य शुरू कराया जाए। इसके अलावा दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक कार्य पूरी तरह बंद रखा जाए अथवा केवल हल्का कार्य कराया जाए तथा शाम 6 बजे तक समस्त कार्य समाप्त कर दिया जाए, ताकि मजदूरों को भीषण गर्मी से राहत मिल सके।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।





































