जोड़ मेले को लेकर गुरुद्वारा साहिब में तैयारियां तेज

38

12 अखंड पाठों के भोग, 13 नए अखंड पाठों का प्रकाश; 10 सितंबर को होगा सालाना जोड़ मेला
हनुमानगढ़ टाउन। टाउन स्थित गुरुद्वारा शहीद बाबा सुखा सिंह, शहीद बाबा महताब सिंह, छावनी बुढ्ढा दल में 10 सितंबर 2026 को भादो सुदी 25 के पावन अवसर पर सालाना जोड़ मेले का आयोजन श्रद्धा एवं धूमधाम से किया जाएगा। पंथ की महान शख्सियत शिरोमणि सेवा रतन, शिरोमणि पंथ रतन, सिंह साहिब जत्थेदार बाबा बलबीर सिंह अकाली 96वें करोड़ी, 14वें मुखी शिरोमणि पंथ अकाली बुढ्ढा दल, पंजाब के संरक्षण में होने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर गुरुद्वारा साहिब में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। जोड़ मेले के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा साहिब में रखे गये लड़ीवार अखंड पाठों की श्रृंखला निरंतर जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को गुरुद्वारा साहिब में बाहरा (12) अखंड पाठों के विधिवत भोग डाले गए तथा तेहरा (13) नए अखंड पाठों का प्रकाश कराया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में संगत ने गुरबाणी का श्रवण किया और गुरु साहिब के चरणों में नतमस्तक होकर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे गुरुद्वारा परिसर में श्रद्धा एवं भक्तिमय वातावरण बना रहा। मुख्य सेवादार बाबा जोगा सिंह ने बताया कि 10 सितंबर को आयोजित होने वाले सालाना जोड़ मेले के तहत 9 सितंबर की रात्रि को खुले दीवान सजाए जाएंगे। 10 सितंबर को लड़ीवार अखंड पाठों के भोग डाले जाएंगे, जिसके पश्चात खुले दीवान सजेंगे। इन दीवानों में पंथ की महान शख्सियतों, संत-महापुरुषों, धार्मिक संस्थाओं के मुखियों, निहंग सिंह जत्थेबंदियों के प्रमुख साहिबान तथा शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मुख्य सेवादार सहित अनेक धार्मिक हस्तियां शिरकत करेंगी। उन्होंने बताया कि जोड़ मेले में देश-विदेश से संगत के पहुंचने की संभावना है। संगत संत-महापुरुषों के दर्शन करने के साथ गुरबाणी का श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करेगी। आयोजन को लेकर संगत में विशेष उत्साह है। लड़ीवार अखंड पाठों के माध्यम से जोड़ मेले की धार्मिक परंपरा को श्रद्धा, सेवा और मर्यादा के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। गुरुद्वारा साहिब में मेले की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए सेवादार लगातार जुटे हुए हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।