नौ दिवसीय कथा के समापन पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, महिलाओं को कलश वितरण व विशाल भंडारे का आयोजन
हनुमानगढ़ टाउन। श्री सनातन धर्म महावीर दल धर्मशाला में पवित्र श्रावण मास के अवसर पर आयोजित श्री शिव महापुराण कथा का आज विधिवत हवन यज्ञ एवं पूर्णाहुति के साथ समापन हुआ। नौ दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन के दसवे दिन धर्मशाला परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुच कर हवन यज्ञ में पुर्णाहुति डाली ।
श्री सनातन धर्म महावीर दल न्यास के अध्यक्ष एवं कथा आयोजन से जुड़े प्रेम रतन पारीक ने बताया कि श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन लगातार नौ दिनों तक किया गया। दसवें दिन विधि-विधान से हवन यज्ञ करवाया गया और पूर्णाहुति के साथ कथा को विश्राम दिया गया। हवन यज्ञ में 11 यजमानों ने सपरिवार भाग लेकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुतियां दीं तथा सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
समापन अवसर पर महिलाओं को कलश भी वितरित किए गए। कलश वितरण के दौरान महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। इसके बाद धर्मशाला परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद स्वरूप भोजन ग्रहण किया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के जयकारे लगाए और धार्मिक वातावरण भक्तिमय बना रहा।
आयोजकों ने बताया कि नौ दिनों तक चली कथा में प्रतिदिन श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कथा के दौरान भगवान शिव की महिमा, उनके विभिन्न स्वरूपों और धार्मिक प्रसंगों का वर्णन किया गया। समापन अवसर पर आयोजकों ने कथा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं सेवाभावी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































