-18 अक्टूबर को दुर्गा अष्टमी पर 108 कन्याओं का महापूजन करेगी स्वामी विवेकानंद रंगमंच सेवा समिति
हनुमानगढ़ । स्वामी विवेकानंद रंगमंच सेवा समिति की ओर से भट्टा कॉलोनी स्थित स्वामी विवेकानंद पार्क में आयोजित भव्य रामलीला के तीसरे दिन भगवान श्रीराम जन्म और माता सीता जन्म के प्रसंगों का आकर्षक मंचन किया गया। रामलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं शहरवासी पहुंचे। कलाकारों ने सजीव अभिनय के माध्यम से धार्मिक प्रसंगों को प्रस्तुत कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अमित लखोटिया, बजरंग राठी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रामलीला के दौरान भगवान श्रीराम के जन्म का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। भगवान श्रीराम के जन्म से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं और प्रसंगों को कलाकारों ने प्रभावशाली ढंग से मंचित किया। इसके साथ ही माता सीता के जन्म का दृश्य भी प्रस्तुत किया गया। मंचन के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के जयकारे लगाए और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। आकर्षक मंच सज्जा, कलाकारों के संवाद और अभिनय ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
समिति अध्यक्ष गौरव शर्मा ने बताया कि स्वामी विवेकानंद रंगमंच सेवा समिति द्वारा पिछले 41 वर्षों से रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। समिति का उद्देश्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों से परिचित करवाना है। रामलीला के माध्यम से सत्य, मर्यादा, त्याग, कर्तव्य और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































