पंचायत व जिला परिषद चुनावों को लेकर कांग्रेस ने भरी हुंकार, संगठनात्मक बैठक में बनी चुनावी रणनीति

29

– मनीष मक्कासर बोले—हनुमानगढ़ में मजबूत स्थिति में कांग्रेस, पंचायतों में प्रधान और जिला परिषद में प्रमुख बनाने का लक्ष्य
हनुमानगढ़। पंचायत एवं जिला परिषद चुनावों की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी की संगठनात्मक बैठक मंगलवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में कांग्रेस नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने आगामी चुनावों को लेकर मंथन किया तथा संगठन को मजबूत बनाकर चुनाव मैदान में उतरने की रणनीति पर चर्चा की। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आपसी एकजुटता बनाए रखने, पार्टी की नीतियों को आमजन तक पहुंचाने और चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक में जिला चुनाव पर्यवेक्षक एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेशाध्यक्ष एमडी चौपदार, जिला प्रभारी फुसाराम गोदारा और सांसद कुलदीप इंदौरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसके अलावा पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी,नोहर विधायक अमित चाचाण, संगरिया विधायक अभिमन्यु पूनिया, पीलीबंगा विधायक विनोद गोठवाल,  पूर्व जिला प्रमुख कविता मेघवाल, पीसीसी सदस्य भूपेंद्र चौधरी, प्रेमराज नायक, शब्बीर हुसैन, शबनम गोदारा, जसविंद्र बांदर, सोहन ढिल और पूर्व विधायक सुरेश चौधरी सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला चुनाव पर्यवेक्षक एमडी चौपदार ने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी चुनाव में संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। पंचायत एवं जिला परिषद चुनावों में सफलता हासिल करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना होगा। पार्टी की विचारधारा और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता के बीच पहुंचना तथा संगठन के प्रत्येक स्तर पर समन्वय बनाए रखना जरूरी है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।