राजनीतिक दबाव में दर्ज मुकदमों की निष्पक्ष जांच और वापसी की मांग को लेकर माकपा का धरना-प्रदर्शन*

31

*-पूर्व विधायक बलवान पुनियां बोले—कार्यकर्ताओं को दबाने की कोशिश हुई तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से देगी जवाब*
हनुमानगढ़। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी (माकपा) की ओर से बुधवार, 14 अक्टूबर को लाल चौक स्थित पार्टी कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने हनुमानगढ़ टाउन पुलिस थाने में दर्ज एफआईआर संख्या 666/2026 सहित अन्य मामलों की निष्पक्ष जांच करवाने और पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज कथित झूठे मुकदमे वापस लेने की मांग उठाई। इस दौरान आयोजित सभा में वक्ताओं ने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन से ज्ञापन में उठाए गए बिंदुओं पर विचार करने की अपील की।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक बलवान पुनियां ने कहा कि कम्युनिस्ट पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संघर्षों के बीच तैयार हुआ है और वह डरने या दबाव में आने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि राजस्थान सरकार के दबाव में पुलिस द्वारा कोई अनुचित कार्रवाई की जाती है, तो पार्टी उसका कड़ा जवाब देगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी कार्यकर्ता को दबाव में नहीं आने दिया जाएगा और पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के अधिकारों के लिए संघर्ष करेगी।
कामरेड रामेश्वर वर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को अपनी बात रखने, शांतिपूर्ण विरोध करने और जायज मांगों को उठाने का अधिकार है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि किसी भी मामले में राजनीतिक पक्षपात की आशंका को दूर करते हुए तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जाए।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।