*-लंबित समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी, प्रबंध निदेशक के नाम अधीक्षण अभियंता को सौंपा ज्ञापन*
हनुमानगढ़। जोधपुर विद्युत वितरण निगम श्रमिक संघ की ओर से कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के समाधान और 11 सूत्रीय मांग-पत्र पर ठोस कार्रवाई की मांग को लेकर गुरुवार को कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र कुमार सीकर के नेतृत्व में अधीक्षण अभियंता कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने निगम प्रशासन के खिलाफ रोष जताते हुए मांगों का शीघ्र निस्तारण करने और प्रबंध निदेशक स्तर पर संगठन के प्रतिनिधिमंडल के साथ उच्चस्तरीय द्विपक्षीय वार्ता वह आदेश करवाने की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद प्रबंध निदेशक, जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के नाम अधीक्षण अभियंता के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।
संघ ने ज्ञापन में बताया कि निगम के तकनीकी, मंत्रालयिक और फील्ड कर्मचारियों की विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान के लिए 18 सितंबर 2026 को 11 सूत्रीय मांग-पत्र प्रस्तुत किया गया था, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण आंदोलन के अगले चरण में धरना-प्रदर्शन करना पड़ा। संगठन ने मांगों पर समयबद्ध निर्णय लेने और की गई कार्रवाई से लिखित रूप में अवगत करवाने की मांग की।
संघ ने तीनों डिस्कॉम के बीच पारदर्शी अंतर-डिस्कॉम स्थानांतरण नीति लागू करने की मांग की। इसमें दिवंगत कर्मचारियों की विधवा आश्रित महिलाओं, विद्युत दुर्घटनाओं में दिव्यांग हुए कर्मचारियों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित कार्मिकों को गृह जिले के निकट पदस्थापन में प्राथमिकता देने की मांग शामिल है। इसके अलावा वर्ष 1996 से 2019 के बीच नियुक्त शेष अनुकंपा कर्मचारियों को योग्यता के अनुसार एलडीसी और सीए-द्वितीय पदों पर समायोजित करने, लंबित डीपीसी व रिव्यू डीपीसी करवाने और बंद पदोन्नति चैनल को पुनः शुरू करने की मांग की गई।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































