रामलीला के नौवें दिन बाली वध का हुआ प्रभावशाली मंचन

13
पेस्टीसाइड एसोसिएशन ने गणेश जी की सचेतन झांकी की पूजा-अर्चना कर की आरती, रामलीला मैदान दर्शकों से रहा खचाखच भरा
हनुमानगढ़। टाउन के नगर परिषद रामलीला रंगमंच पर श्रीरामलीला समिति की ओर से आयोजित रामलीला के नौवें दिन श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत पेस्टीसाइड एसोसिएशन के सदस्यों द्वारा भगवान गणेश जी की सचेतन झांकी की विधिवत पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के समक्ष शीश नवाकर सुख-समृद्धि की कामना की। रामलीला के मंचन को देखने के लिए मैदान दर्शकों से खचाखच भरा रहा और दर्शकों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया। रामलीला के दौरान बाली-सुग्रीव युद्ध, बाली वध, सुग्रीव का राज्याभिषेक तथा हनुमान जी के समुद्र तट तक पहुंचने के प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने अभिनय, संवाद और भाव-भंगिमाओं से इन प्रसंगों को जीवंत कर दिया। बाली की भूमिका में बहादुर सिंह, सुग्रीव की भूमिका में मुकेश स्वामी, भगवान राम की भूमिका में ओम स्वामी, लक्ष्मण की भूमिका में संजय सैन तथा हनुमान जी की भूमिका में रजत गर्ग ने अपने अभिनय से दर्शकों की खूब सराहना प्राप्त की। रामलीला का मंचन डायरेक्टर प्रेम पारीक तथा उपडायरेक्टर अशोक मिड्ढा और बहादुर सिंह चौहान के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में किया जा रहा है। समिति सचिव दिनेश तलवाड़िया ने बताया कि रामलीला में अभिनय करने वाले कलाकारों को मंचन की शैली और संवाद कंठस्थ हैं। कलाकार पूरी मर्यादा, अनुशासन और समर्पण के साथ रामलीला का मंचन कर रहे हैं, जिससे दर्शकों को धार्मिक प्रसंगों से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने बताया कि श्रीरामलीला समिति की ओर से दशहरा ग्राउंड, बाईपास, हनुमानगढ़ टाउन में भव्य दशहरा उत्सव मनाया जाएगा। इसके लिए रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के विशाल पुतले तैयार किए गए हैं। दशहरा उत्सव के दौरान रंग-बिरंगी आतिशबाजी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। समिति की ओर से आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं, ताकि शहरवासी उत्साह और उल्लास के साथ दशहरा पर्व मना सकें।कार्यक्रम के दौरान समिति संरक्षक बालकृष्ण गोल्याण, अध्यक्ष अर्चित अग्रवाल, पवन खदरिया, उपाध्यक्ष सज्जन बंसल, कोषाध्यक्ष सतीश गर्ग, स्टेज व्यवस्था प्रभारी सुंदर बंसल एवं हेमंत शर्मा, बालकिशन खदरिया और चांद रतन खदरिया सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। रामलीला मैदान की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सनातन धर्म महावीर दल के कैप्टन सोनू बंसल और दल के स्वयंसेवकों ने संभाली। मंच का संचालन मंच सचिव प्रहलाद गुप्ता ने किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।