होलसेल फुटवीयर एसोसिएशन ने की मां जगदम्बा की आरती, 20 अक्टूबर को दशहरा ग्राउंड में होगा भव्य दशहरा उत्सव
हनुमानगढ़। श्रीरामलीला समिति हनुमानगढ़ टाउन की ओर से आयोजित श्रीरामलीला महोत्सव के 13वें दिन मां जगदम्बा की झांकी के साथ लक्ष्मण मूर्छा और हनुमानजी द्वारा संजीवनी बूटी लाने की लीलाओं का शानदार मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने अभिनय से रामायण के इन प्रसंगों को जीवंत कर दिया। लक्ष्मण के मूर्छित होने का दृश्य देखकर पंडाल में मौजूद दर्शक भावुक हो उठे, वहीं हनुमानजी के संजीवनी बूटी लेकर पहुंचने पर पूरा परिसर ‘जय बजरंगबली’ के जयघोष से गूंज उठा। कार्यक्रम की शुरुआत होलसेल फुटवीयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों द्वारा मां जगदम्बा के तिलक और आरती के साथ हुई। इस अवसर पर विशेष अतिथि बीकानेर के जिला न्यायिक जज एवं हनुमानगढ़ निवासी अमित कड़वासरा ने भी मां के तिलक कर आशीर्वाद लिया। श्रीरामलीला समिति के पदाधिकारियों ने जिला न्यायिक जज अमित कड़वासरा को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद रामलीला का मंचन शुरू हुआ। मंचन के दौरान भगवान श्रीराम की सेना और रावण की सेना के बीच युद्ध का दृश्य प्रस्तुत किया गया। लक्ष्मण और मेघनाद के बीच हुए भीषण युद्ध में मेघनाद ने शक्ति बाण का प्रहार किया, जिससे लक्ष्मण मूर्छित होकर भूमि पर गिर पड़े। लक्ष्मण की यह दशा देखकर भगवान श्रीराम व्याकुल हो उठे। इसके बाद हनुमानजी को संजीवनी बूटी लाने के लिए भेजने तथा उनके पर्वत सहित संजीवनी लेकर लौटने के प्रसंग का प्रभावशाली मंचन किया गया। कलाकारों के अभिनय और संवादों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। समिति संरक्षक बालकिशन गोल्याण ने कहा कि रामलीला के सभी कलाकार पूरी मर्यादा, निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी भूमिकाओं का निर्वहन कर रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































