– पहली बार उड़ते हुए हनुमान जी का दृश्य देखकर रोमांचित हुए दर्शक
हनुमानगढ़। जंक्शन की भट्टा कॉलोनी स्थित स्वामी विवेकानंद रंगमंच पर स्वामी विवेकानंद रंगमंच सेवा समिति की ओर से आयोजित रामलीला के बारहवें दिन रावण-अंगद संवाद, लक्ष्मण मूर्छा और मेघनाथ-कुंभकर्ण से जुड़े प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन किया गया। कलाकारों ने सजीव अभिनय और दमदार संवादों के माध्यम से रामायण के युद्ध प्रसंगों को मंच पर जीवंत कर दिया। मंचन के दौरान दर्शकों में उत्साह देखने को मिला और विभिन्न दृश्यों पर तालियों से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में पार्षद उम्मीदवार परितोष कमांडो, वतन बंसल, उज्ज्वल बंसल और सतपाल बंसल सहित सागर शर्मा तथा अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। अतिथियों ने रामलीला का आनंद लिया और समिति की ओर से धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की।
बारहवें दिन के मंचन में भगवान श्रीराम की ओर से अंगद को रावण के दरबार में दूत बनाकर भेजने का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। अंगद और रावण के बीच हुए संवाद में अंगद ने रावण को माता सीता को सम्मानपूर्वक लौटाने और युद्ध टालने का संदेश दिया। रावण के दरबार में अंगद के निर्भीक व्यवहार और प्रभावशाली संवादों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































