हवन-यज्ञ, कन्या पूजन व विशाल भंडारे में उमड़े श्रद्धालु, देवी मां के जयकारों से गूंजा मिथिला कॉलोनी क्षेत्र

49

हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ टाउन की मिथिला कलोनी,बरकत कॉलोनी स्थित मिथिला हनुमान मंदिर में श्री दुर्गा पूजा समिति की ओर से आयोजित 21वां दुर्गा पूजा महोत्सव धार्मिक श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। 10 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 तक चले इस महोत्सव के अंतिम दिन सोमवार को विधि-विधान के साथ हवन-यज्ञ, कन्या पूजन और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। रात्रि में आयोजित विशाल जागरण में श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की महिमा का गुणगान किया। समिति अध्यक्ष बलदेव दास और प्रवक्ता रिंकू मिश्रा ने बताया कि महोत्सव के समापन अवसर पर पंडित कृष्ण मुरारी शास्त्री और पंडित अमरजीत चौधरी के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हवन-यज्ञ संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां देकर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात कन्या पूजन कर कन्याओं को भोजन करवाया गया। यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर मां दुर्गा के दर्शन किए। इस दौरान देवी मां के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। रात्रि में आयोजित जागरण में भी श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भक्ति गीतों के माध्यम से मां की महिमा का गुणगान किया।इस अवसर पर समिति संरक्षक अशोक गौतम, प्रमोद यादव, देवकीनंदन चौधरी, अध्यक्ष बलदेव दास, सचिव दिलखुश मंडल, सहसचिव सुरेश दास, कोषाध्यक्ष शिवचंद यादव, सहकोषाध्यक्ष कमलेश यादव, उपप्रधान धर्मेंद्र दास, प्रवक्ता रिंकू मिश्रा, सहप्रवक्ता अमित मिश्रा, श्याम दास, पंडित मुरारी लाल शास्त्री, अमरजीत चौधरी, जयप्रकाश, कुलदीप, पप्पू यादव, मंटू राय, श्याम चौधरी, पंडाल प्रभारी संदीप महंतो, विकास रंगीला और सुरेश सोनी सहित अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं उनके परिजन मौजूद रहे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित गंगानगर रोड की नहर में भव्य शोभायात्रा के साथ किया जाएगा। शोभायात्रा में श्रद्धालु उत्साहपूर्वक शामिल होंगे। महोत्सव ने धार्मिक आस्था को मजबूत करने के साथ समाज में आपसी एकता, सद्भाव और भाईचारे का संदेश भी दिया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।