कल्याण भूमि में स्व. देवराज सिंघल की स्मृति में बनाया कल्पवृक्ष पार्क, हवन-यज्ञ के साथ हुआ शुभारंभ

33
-नीलकंठ महादेव सेवा न्यास की पहल, कल्पवृक्ष का पौधा लगाकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की
हनुमानगढ़। श्री नीलकंठ महादेव सेवा न्यास द्वारा संचालित कल्याण भूमि में स्व. देवराज सिंघल की पावन स्मृति में कल्पवृक्ष पार्क का निर्माण करवाया गया है। स्व. देवराज सिंघल की धर्मपत्नी रेशमा लता, पुत्र संदीप सिंघल और पुत्रवधू मीनाक्षी सिंघल के सहयोग से निर्मित इस पार्क का शुभारंभ विधिवत हवन-यज्ञ के साथ किया गया। धार्मिक वातावरण में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने आहुतियां अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम में पंडित धर्मेंद्र शास्त्री ने मंत्रोच्चारण के साथ हवन-यज्ञ संपन्न करवाया। मुख्य यजमानों ने हवन कुंड में आहुतियां अर्पित कर कल्पवृक्ष पार्क का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेकर स्व. देवराज सिंघल को श्रद्धांजलि अर्पित की। परिजनों द्वारा उनकी स्मृति में पार्क का निर्माण करवाना सामाजिक और धार्मिक कार्यों के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा।
श्री नीलकंठ महादेव सेवा न्यास के अध्यक्ष अश्विनी नारंग ने बताया कि पार्क में कल्पवृक्ष का पौधा लगाया गया है। भारतीय धार्मिक मान्यताओं में कल्पवृक्ष को विशेष महत्व प्राप्त है। मान्यता के अनुसार, समुद्र मंथन के दौरान देवताओं और असुरों के बीच हुए मंथन से कल्पवृक्ष प्रकट हुआ था। इसे मनोकामनाएं पूर्ण करने वाला दिव्य वृक्ष माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस वृक्ष की आयु पांच हजार वर्ष बताई जाती है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।