महाराव शेखा व महाराजा गंगा सिंह की जयंती पर राजपूत समाज ने किया प्रतिभाओं का सम्मान

30
हनुमानगढ़। विजयदशमी के अवसर पर श्री करणी राजपूत सर्वहितकारिणी समिति हनुमानगढ़ के तत्वावधान में टाउन स्थित श्री करणी राजपूत विश्रामगृह के प्रांगण में महाराव शेखा जी की 593वीं एवं महाराजा गंगा सिंह जी की 146वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर राजपूत समाज का प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाली 55 प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष नरेंद्र सिंह भालेरी ने की। अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक राज कंवर मुख्य अतिथि तथा डॉ. मदन सिंह शेखावत और डॉ. कीर्ति सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने महाराव शेखा जी एवं महाराजा गंगा सिंह जी के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद दोनों महापुरुषों के जीवन, व्यक्तित्व और समाज के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया गया। समारोह में वक्ताओं रूप सिंह, डॉ. सायर सिंह शेखावत, प्रो. छत्रसाल सिंह राघव, विजय पन्नीवाली एवं मुख्य अतिथि राज कंवर ने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने महाराजा गंगा सिंह के जीवन और उनके उल्लेखनीय कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके दूरदर्शी विचारों, जनकल्याणकारी कार्यों और नेतृत्व क्षमता से प्रेरणा लेकर समाज के युवाओं को शिक्षा, सेवा और राष्ट्रहित के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए। वक्ताओं ने प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।