हनुमानगढ़। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हनुमानगढ़ (फोर्ट स्कूल) के कृषि विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों ने श्रीगंगानगर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, हनुमानगढ़ का शैक्षणिक भ्रमण किया। भ्रमण विद्यार्थियों के लिए व्यावहारिक एवं ज्ञानवर्धक रहा। इस दौरान विद्यार्थियों ने डेयरी उद्योग में दूध के संकलन से लेकर प्रसंस्करण, गुणवत्ता जांच और विभिन्न दुग्ध उत्पादों के निर्माण तक की प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की।
यह शैक्षणिक भ्रमण कृषि विज्ञान के प्राध्यापक डॉ. गुरजिन्द्र सिंह तथा रसायन विज्ञान के प्राध्यापक धर्म सिंह के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। वर्ष 2026 के कृषि संकाय के विद्यार्थियों ने भ्रमण में सक्रिय भागीदारी निभाई। विद्यार्थियों को बताया गया कि ग्रामीण दुग्ध संकलन केंद्रों से दूध एकत्र करने के बाद उसकी गुणवत्ता की जांच की जाती है। इसमें वसा एवं वसा रहित ठोस पदार्थों की मात्रा का परीक्षण करने के साथ दूध को सुरक्षित रखने के लिए शीतलन की प्रक्रिया अपनाई जाती है।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने दूध के पाश्चुरीकरण, गुणवत्ता नियंत्रण तथा स्वच्छता संबंधी प्रक्रियाओं को भी समझा। उन्हें बताया गया कि पाश्चुरीकरण के माध्यम से दूध में मौजूद हानिकारक सूक्ष्मजीवों को नियंत्रित किया जाता है। इसके अलावा दही एवं छाछ बनाने में किण्वन प्रक्रिया, मक्खन एवं घी निर्माण में क्रीम निकालने और उसे बिलोने की विधि तथा पनीर एवं मावा जैसे उत्पादों के निर्माण और पैकेजिंग की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने उत्पादों को स्वच्छ तरीके से पैक करने और उचित तापमान पर सुरक्षित रखने की प्रक्रिया के बारे में भी जाना।
इस भ्रमण से विद्यार्थियों को कृषि विज्ञान और रसायन विज्ञान के व्यावहारिक संबंधों को समझने का अवसर मिला। कृषि विज्ञान के अंतर्गत पशुपालन एवं डेयरी प्रबंधन, जबकि रसायन विज्ञान के अंतर्गत दूध का रासायनिक संगठन, पाश्चुरीकरण और किण्वन जैसी प्रक्रियाओं की उपयोगिता को करीब से जानने का अवसर मिला। इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ उद्योगों की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराने तथा भविष्य में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों को समझने में सहायक सिद्ध होते हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































