छठ पर्व के आयोजन को लेकर मिथिला सेवा समिति ने सभापति मंजू रणवां से की मुलाकात

61

-नगरपरिषद की व्यवस्थाओं में सहयोग की अपील, हरसंभव मदद का सभापति ने दिया भरोसा
हनुमानगढ़। श्री मिथिला सेवा समिति राजस्थान ट्रस्ट की ओर से आगामी छठ पर्व के आयोजन की तैयारियों को लेकर नगरपरिषद सभापति मंजू रणवां एवं पूर्व सभापति सुमित रणवां से मुलाकात की गई। इस दौरान समिति पदाधिकारियों ने उन्हें छठ महापर्व के आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया तथा नगरपरिषद की ओर से प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी आवश्यक व्यवस्थाएं करवाने में सहयोग प्रदान करने की अपील की।
समिति अध्यक्ष बलदेव दास के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने सभापति मंजू रणवां को ज्ञापन सौंपकर छठ पर्व के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने का आग्रह किया। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि छठ पर्व पूर्वांचलवासियों का प्रमुख एवं आस्था से जुड़ा महापर्व है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित होकर भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया की पूजा-अर्चना करते हैं। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष महत्व रहता है। ऐसे में नगरपरिषद का सहयोग आयोजन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।