विकास कार्यों के श्रेय को लेकर छिड़ी सियासी बहस, भाजपा नेता ने अमित चौधरी के प्रयासों को बताया आधार तो पार्षद ने कहा- जनता का बोर्ड, जनता के लिए कर रहा काम
हनुमानगढ़। राजस्थान में भाजपा की सरकार और हनुमानगढ़ नगरपरिषद में निर्दलीय बोर्ड के गठन के बाद से शहर की राजनीति में अलग तरह की खींचतान देखने को मिल रही है। पंचायत चुनाव के दौरान कुछ समय तक स्थानीय राजनीतिक गतिविधियां अपेक्षाकृत शांत रहीं, लेकिन चुनाव संपन्न होते ही एक बार फिर राजनीतिक बयानबाजी और विकास कार्यों के श्रेय को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। ताजा मामला वार्ड 10 स्थित वाटर वर्क्स की सफाई और मुख्य सड़क के निर्माण से जुड़ा है, जहां भाजपा के प्रत्याशी और नगरपरिषद सभापति सहित पार्षद आमने-सामने नजर आए।
मामले की शुरुआत वार्ड 10 में स्थित वाटर वर्क्स परिसर की सफाई और कुएं वाले कमरे पर गेट लगाने के कार्य से हुई। भाजपा से प्रत्याशी रहे पारितोष सारस्वत ने दावा किया कि वाटर वर्क्स के कुएं वाले कमरे पर गेट नहीं होने के कारण कुत्ते और अन्य पशु वहां मुंह मारते थे। इससे पानी की शुद्धता प्रभावित होने और वार्ड में अशुद्ध जलापूर्ति के कारण बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई थी। इसके अलावा वाटर वर्क्स परिसर में कंटिली झाड़ियां और पेड़-पौधे काफी बढ़ गए थे, जहां से सांप निकलने की घटनाएं भी सामने आती थीं। वार्डवासियों ने इस समस्या के समाधान की मांग की थी।
पारितोष सारस्वत के अनुसार, भाजपा नेता अमित चौधरी के प्रयासों से मनरेगा के माध्यम से वाटर वर्क्स परिसर की लंबे समय से फैली गंदगी और झाड़ियों की सफाई करवाई गई। वहीं, कुएं वाले कमरे का गेट उन्होंने अपने निजी खर्च से लगवाया। उन्होंने इन कार्यों को वार्डवासियों की समस्या के समाधान की दिशा में उठाया गया कदम बताते हुए इसके पीछे भाजपा नेताओं के प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































