-बीकानेर रेंज आईजी से मिले चारों जिलों के पटवार संघ पदाधिकारी, प्रतिकूल रिपोर्ट मिलने की जानकारी देकर कार्रवाई का दिया आश्वासन
हनुमानगढ़। पटवारी देवीलाल के साथ हुए मारपीट प्रकरण को लेकर शुक्रवार को राजस्थान पटवार संघ बीकानेर संभाग के चारों जिलों के पदाधिकारियों ने महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने प्रकरण में संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। बैठक के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि मामले में संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ प्रतिकूल रिपोर्ट प्राप्त हुई है तथा दोषी पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
बैठक में पटवारी देवीलाल के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर पटवार संघ के पदाधिकारियों ने अपना पक्ष रखते हुए कार्रवाई की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि राजकीय कार्य से जुड़े कर्मचारी के साथ इस प्रकार की घटना गंभीर विषय है तथा प्रकरण में निष्पक्ष जांच के साथ दोषी अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस महानिरीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल को मामले में विभागीय स्तर पर कार्रवाई किए जाने की जानकारी देते हुए आश्वस्त किया कि दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञापन एवं मुलाकात के दौरान बीकानेर संभाग के चारों जिलों से पटवार संघ के पदाधिकारी और पटवारी साथी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। श्रीगंगानगर जिले से सतवीर बराड, रामजीलाल सेन और प्रदीप बिश्नोई शामिल हुए। चूरू जिले से रतिराम जाखड़ ने प्रतिनिधित्व किया, जबकि बीकानेर से भवानी सिंह और मोनिका उपस्थित रहे। भू-प्रबंधन विभाग की ओर से सिरदाराम और भवानी सिंह भी बैठक में शामिल हुए।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































