संविधान दिवस पर अम्बेडकर चौक पर हुई भव्य आतिशबाजी, संविधान द्वार बनाने का प्रस्ताव

34

-सभापति मंजू रणवां ने डिस्ट्रिक्ट पार्क के पास स्वागत द्वार का नाम संविधान द्वार रखने का दिया आश्वासन
हनुमानगढ़।
स्वाभिमान जन जागृति एकता मंच राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष एवं अम्बेडकर नवयुवक संघ हनुमानगढ़ के पूर्व अध्यक्ष नारायण नायक के नेतृत्व में संविधान दिवस धूमधाम एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जंक्शन स्थित अम्बेडकर चौक पर भव्य आतिशबाजी का आयोजन किया गया, जिसकी शुरुआत कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों ने संयुक्त रूप से की। कार्यक्रम में नगर परिषद सभापति मंजू रणवां, उपसभापति सोनू बंसल तथा पूर्व सभापति सुमित रणवां मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में संविधान के महत्व, समानता, अधिकारों और सामाजिक एकता के संदेश को प्रमुखता से रखा गया। अम्बेडकर चौक पर आतिशबाजी के दौरान उपस्थित लोगों ने संविधान दिवस की खुशियां साझा कीं तथा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर के विचारों को याद किया।
कार्यक्रम में नगर परिषद सभापति मंजू रणवां ने शहर में संविधान के सम्मान और जागरूकता को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि डिस्ट्रिक्ट पार्क के पास शहर में स्वागत द्वार बनाया जाना है। इस स्वागत द्वार का नाम संविधान द्वार रखने के लिए बैठक में प्रस्ताव रखकर उसे पारित करवाने का आश्वासन दिया। उनके इस आश्वासन पर उपस्थित लोगों ने खुशी जताई।
स्वाभिमान जन जागृति एकता मंच राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष एवं अम्बेडकर नवयुवक संघ के पूर्व अध्यक्ष नारायण नायक ने संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, स्वतंत्रता और सम्मान प्रदान करता है। संविधान की भावना को जीवन में अपनाना तथा समाज में भाईचारा, समानता और एकता कायम रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने संविधान के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक जागरूकता के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही।
पूर्व सभापति सुमित रणवां ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव है। संविधान में निहित अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहकर ही समाज और देश को मजबूत बनाया जा सकता है। उपसभापति सोनू बंसल ने भी संविधान के महत्व पर विचार रखते हुए संविधान के आदर्शों को अपनाने तथा समाज में समरसता और भाईचारे को बढ़ावा देने की बात कही।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।