12 मत हासिल कर कांग्रेस ने दर्ज की शानदार जीत, भाजपा प्रत्याशी देवीलाल को मिले 5 वोट
हनुमानगढ़ टाउन। पंचायत समिति हनुमानगढ़ टाउन के प्रधान पद के लिए शुक्रवार को हुए चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मंगलाराम ने शानदार जीत दर्ज करते हुए प्रधान पद पर कब्जा जमाया। पंचायत समिति के कुल 19 सदस्यों ने मतदान प्रक्रिया में भाग लिया। मतगणना के बाद कांग्रेस प्रत्याशी मंगलाराम को 12 मत प्राप्त हुए, जबकि भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी देवीलाल को 5 मत मिले। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी प्रहलाद को 2 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार मंगलाराम ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी देवीलाल को 7 मतों से पराजित कर प्रधान पद पर जीत हासिल की।
निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होने के बाद निर्वाचन अधिकारी एवं तहसीलदार राजकुमारी ने नवनिर्वाचित प्रधान मंगलाराम को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा उन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया। मंगलाराम के प्रधान निर्वाचित होने की घोषणा होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने गुलाल लगाकर तथा पटाखे चलाकर जीत का जश्न मनाया। इस दौरान समर्थकों ने मंगलाराम का स्वागत कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
गौरतलब है कि पंचायत समिति हनुमानगढ़ टाउन के चुनाव में कुल 19 सीटों पर कांग्रेस के 10, भाजपा के 5, निर्दलीय के 1, आरएलपी के 1 तथा सीपीएम के 2 प्रत्याशी विजयी हुए थे। प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस को आरएलपी एवं निर्दलीय सदस्यों का समर्थन मिलने से मंगलाराम को कुल 12 मत प्राप्त हुए और उन्होंने प्रधान पद पर जीत दर्ज की।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































