28 दिन पहले खेल की जताई थी इच्छा, फिर क्या हुआ कि सरदार सिंह को लेना पड़ा संन्यास

32 साल के सरदार 2008 से 2016 तक टीम के कप्तान भी रहे। सरदार ने हाल ही में जकार्ता में आयोजित एशियन गेम्स में हिस्सा लिया था। वहां भारतीय टीम ने ब्रॉन्ज मेडल जीता था।

721

नई दिल्ली: भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान सरदार सिंह ने इंटरनेशनल हाॅकी से संन्यास ले लिया है। सरदार ने 12 साल के करिअर में 350 मैच खेले। 32 साल के सरदार 2008 से 2016 तक टीम के कप्तान भी रहे। सरदार ने हाल ही में जकार्ता में आयोजित एशियन गेम्स में हिस्सा लिया था। वहां भारतीय टीम ने ब्रॉन्ज मेडल जीता था। सरदार के संन्यास लेने की खबर तब आई, जब एशियन चैंपियंस ट्रॉफी और वर्ल्ड कप के लिए आयोजित नेशनल कैंप के लिए 25 सदस्यीय संभावित टीम की घोषणा हुई।

इस टीम में सरदार को जगह नहीं मिली है। जबकि सरदार ने 28 दिन पहले एशियन गेम्स के लिए रवाना होने से पहले कहा था कि वे टोक्यो ओलिंपिक में खेलना चाहते हैं। उन्होंने यो-यो टेस्ट में कोहली को भी पीछे छोड़ दिया था। सरदार प्रोफेशनल हॉकी खेलते रहेंगे। लेकिन अचानक लिए संन्यास की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है।

पहला और अंतिम मैच पाक के खिलाफ ही खेला
सरदार ने अपना सीनियर डेब्यू 2006 में पाकिस्तान के खिलाफ किया था। अंतिम मैच भी एशियाड में पाक के खिलाफ ही खेला। वे टीम में मिडफील्ड के महत्वपूर्ण खिलाड़ी रहे। सरदार ने 2008 में सुल्तान अजलान शाह कप में टीम की कमान संभाली। तब वे भारतीय टीम के कप्तान बनने वाले सबसे युवा खिलाड़ी थे। 2016 में उनकी जगह पीआर श्रीजेश को कप्तान बनाया गया। सरदार को 2012 में अर्जुन अवॉर्ड, 2015 में पद्मश्री व 2017 में खेल रत्न मिल चुका है। उन्होंने दो ओलिंपिक (लंदन-2012 और रियो-2016) खेले।

नेशनल कैंप के लिए 25 सदस्यीय टीम घोषित
हॉकी इंडिया ने बुधवार को नेशनल कैंप के लिए 25 सदस्यीय टीम की घोषणा की। कैंप 16 सितंबर से भुवनेश्वर के कलिंगा हॉकी स्टेडियम में शुरू होगा। यह कैंप एशियन चैंपियंस ट्रॉफी और वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिए लगाया जा रहा है। एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 18 अक्टूबर से मस्कट में शुरू हो रही है। यहां भारत खिताब बचाने उतरेगा। वहीं, वर्ल्ड कप 28 नवंबर से भुवनेश्वर में होना है।

कैंप के लिए चयनित खिलाड़ी
गोलकीपर: श्रीजेश, सूरज, कृष्ण बहादुर डिफेंडर: हरमनप्रीत, रूपिंदर पाल, गुरिंदर, वरुण, कोथाजीत, सुरेंद्र, जरमनप्रीत, प्रदीप मिडफील्डर: मनप्रीत, चिंगलेनसना, सिमरनजीत, सुमित, नीलकांता, हार्दिक, ललित, विवेक। फाॅरवर्ड: एसवी सुनील, आकाशदीप, गुरजंत, मंदीप, दिलप्रीत, सुमित कुमार।

ये भी पढ़ें:

रूचि के अनुसार खबरें पढ़ने के लिए यहां किल्क कीजिए

ताजा अपडेट के लिए लिए आप हमारे फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल को फॉलो कर सकते हैं