रेलवे स्टेशन रोड पर नाले का गंदा पानी अंडरग्राउंड दुकानों में घुसा

192

-राखी सीजन के स्टॉक को नुकसान, दुकानदारों ने मुआवजे और कार्यवाही की मांग को लेकर जताया विरोध
हनुमानगढ़।
 रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित अंडरग्राउंड दुकानों में नाले का गंदा पानी घुस जाने से राखी सीजन का लाखों रुपए का माल खराब हो गया। इस घटना से आक्रोशित दुकानदारों ने नगर परिषद और जिला प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज करवाया और दोषी के खिलाफ कार्यवाही तथा मुआवजे की मांग की है। दुकानदारों का आरोप है कि एक दुकानदार द्वारा जानबूझकर नाले में पाइप लगाकर उसकी निकासी को बाधित किया गया, जिससे बारिश के दौरान सारा गंदा पानी अंडरग्राउंड दुकानों में भर गया।
दुकानदारों ने बताया कि उन्होंने राखी त्यौहार को लेकर अंडरग्राउंड दुकानों में भारी मात्रा में राखियां, गिफ्ट आइटम, सजावटी सामान व कपड़ों का स्टॉक जमा कर रखा था। परंतु गत दिनों हुई बारिश के कारण पानी की निकासी न हो पाने से नाले का गंदा और बदबूदार पानी दुकानों में घुस गया, जिससे सारा माल खराब हो गया। इससे दुकानदारों को न केवल आर्थिक नुकसान हुआ है बल्कि उनका त्योहारी सीजन भी पूरी तरह चौपट हो गया।
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि उन्होंने समय रहते नगर परिषद प्रशासन और जिला प्रशासन को कई बार लिखित और मौखिक रूप से सूचित किया था कि नाले की सफाई और निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए। लेकिन प्रशासन की लापरवाही और अनदेखी के कारण समस्या जस की तस बनी रही और अब भारी बारिश के चलते दुकानों में पानी भरने की स्थिति उत्पन्न हो गई। प्रदर्शन कर रहे दुकानदारों ने यह भी आरोप लगाया कि रेलवे स्टेशन के पास एक विशेष दुकानदार द्वारा निजी स्वार्थ में नाले में पाइप फंसा कर पानी की निकासी रोकी जा रही थी। प्रशासन को इस बारे में पहले ही चेताया गया था, फिर भी समय रहते कोई कार्यवाही नहीं की गई, जिससे यह गंभीर स्थिति उत्पन्न हुई।
प्रभावित व्यापारियों ने मांग की है कि उन्हें हुए लाखों रुपए के नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिया जाए, साथ ही नाले की अवरुद्ध निकासी को तत्काल प्रभाव से खुलवाया जाए और जो भी व्यक्ति इस समस्या का कारण बना है, उस पर सख्त कानूनी कार्यवाही की जाए। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे सामूहिक रूप से दुकानों को बंद कर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ यह आवाज अब और तेज होगी। इस मौके पर मनीष मक्कासर, खुशी अमलानी, दीपक चड्ढ़ा, भगवानदास महाजनी, राजू ओसवाल, सुरेश व्यास, सचिन टेकवानी, रेवाराम नंदा, प्रवीण सोनी व अन्य दुकानदार मौजूद थे।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।