हनुमानगढ़ हाउसिंग बोर्ड में 25वां ‘हरे रामा हरे कृष्णा’ जाप प्रारंभ

295

– 24 घंटे अखंड जाप के बाद होगा विशाल भंडारा, इलाके की सुख-समृद्धि के लिए हो रही प्रार्थना
हनुमानगढ़। 
सार्वजनिक नवयुवक समिति हाउसिंग बोर्ड के तत्वावधान में ‘हरे रामा हरे कृष्णा’ का 25वां वार्षिक जाप बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ प्रारंभ हुआ। संपूर्ण हाउसिंग बोर्ड के महिलाओं और पुरुषों ने एकत्र होकर पूजा-अर्चना के साथ इस धार्मिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि देवेंद्र पारीक, पूर्व पार्षद बलराज सिंह, पूर्व पार्षद सौरभ शर्मा, पूर्व पार्षद राजेश मदान, समाजसेवी नरेंद्र झुरिया, बाल कल्याण समिति सदस्य एडवोकेट विजय सिंह चौहान, मृत्युंजय सिंह, राधेश्याम गुप्ता, मुकेश कुमार गुप्ता, एडवोकेट राजेश गुप्ता, शत्रुघ्न प्रसाद, हरेंद्र कुमार, दिलीप कुमार और विजय कुमार सिंह ने विशेष रूप से पूजा-अर्चना में भाग लिया।
इस अवसर पर समिति पदाधिकारियों ने बताया कि ‘हरे रामा हरे कृष्णा’ का यह जाप लगातार 24 घंटे खड़े होकर किया जाता है, जिसमें विभिन्न मंडलियों के श्रद्धालु बारी-बारी से भाग लेते हैं। यह अखंड जाप अगले दिन तक चलता है, जिसके समापन के बाद विशाल भंडारा आयोजित किया जाता है। भंडारे में इलाके के सभी लोगों को प्रसाद स्वरूप भोजन करवाया जाता है।
कार्यक्रम का उद्देश्य इलाके में सुख-समृद्धि और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना है। पिछले 25 वर्षों से यह धार्मिक अनुष्ठान स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और समाजसेवियों के सहयोग से आयोजित होता आ रहा है। विशेष बात यह है कि इस आयोजन में पूर्वांचल वासी और स्थानीय लोग मिलकर संयुक्त रूप से भाग लेते हैं, जिससे समाज में एकता और सौहार्द की भावना प्रबल होती है।
जाप के दौरान पूरा हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र भक्ति के रंग में रंग जाता है। मंत्रों की गूंज और भजन-कीर्तन से वातावरण पवित्र और ऊर्जावान हो उठता है। आयोजकों के अनुसार, इस बार भी श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है और उम्मीद है कि अगले दिन होने वाले भंडारे में हजारों लोग प्रसाद ग्रहण करेंगे।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।