पंचवटी प्रसंग का मंचन, रावण द्वारा सीता हरण का मार्मिक दृश्य

198

– श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी, कलाकारों के अभिनय की हुई सराहना
हनुमानगढ़। 
टाउन स्थित नगर परिषद रामलीला रंगमंच पर श्रीरामलीला समिति द्वारा आयोजित संभाग की सबसे बड़ी रामलीला के आठवें दिन का मंचन शुक्रवार रात बड़े ही श्रद्धाभाव और परंपरागत गरिमा के साथ किया गया। इस अवसर पर फूडग्रेन मर्चेन्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों द्वारा मां सप्तोषी माता की सचेतन झांकी की पूजा-अर्चना व आरती की गई। इसके पश्चात मंचन की शुरुआत पंचवटी प्रसंग से हुई, जिसमें राम, सीता और लक्ष्मण वन में ऋषि-मुनियों के दर्शन करते हुए दिखाए गए। इसके बाद स्वरूपनखा और भगवान राम के बीच हुए संवाद तथा लक्ष्मण द्वारा स्वरूपनखा की नाक-कान काटे जाने का रोचक दृश्य प्रस्तुत किया गया। आगे राक्षस खर-दूषण का वध और रावण द्वारा सीता हरण का मंचन हुआ। सीता की खोज करते हुए भीलनी के आश्रम का प्रसंग और पंचवटी में स्वरूपनखा का अभिनय बेहद आकर्षक रहा। कलाकारों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और मंचन स्थल पर भारी भीड़ उमड़ी रही। रामलीला में रावण की भूमिका बहादुर सिंह, सीता की भूमिका राकेश कुमार, स्वरूपनखा की भूमिका हिमांशु वाधवानी, खर-दूषण की भूमिका नितिन बंसल व चिन्टू गोयल तथा मामा मारीच की भूमिका मुकेश स्वामी ने निभाई। मंचन का निर्देशन प्रेम पारीक व उपनिदेशक अशोक मिढ़ा के सानिध्य में हुआ। समिति सचिव दिनेश तलवाड़िया ने बताया कि पिछले 65 वर्षों से श्रीरामलीला समिति इस रामलीला का आयोजन कर रही है, जिसमें नए और अनुभवी कलाकार मिलकर पूरी मर्यादा और परंपरागत शैली से मंचन करते हैं।समिति अध्यक्ष अर्चित अग्रवाल ने बताया कि परंपरा अनुसार प्रतिदिन 100 ग्राम चांदी के सिक्के से देवी-देवताओं की झांकी का तिलक किया जाता है। यह सिक्का 3 अक्टूबर की मध्यरात्रि 12:15 बजे लॉटरी द्वारा चुना जाएगा और सौभाग्यशाली श्रद्धालु को भगवान श्रीराम के हाथों से भेंट किया जाएगा। इस अवसर पर समिति संरक्षक बालकिशन गोल्याण, सचिव दिनेश तलवाड़िया, कोषाध्यक्ष सतीश गर्ग, स्टेज प्रभारी सुंदर बंसल व हेमंत शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। मंच संचालन प्रहलाद गुप्ता ने किया।रामलीला के दौरान दर्शकों से प्रश्न पूछकर सही उत्तर देने वालों को दक्षिण मुखी बालाजी मंदिर न्यास की ओर से पुरस्कृत किया गया। मंच की सजावट गोपाल शर्मा की टीम द्वारा की गई। श्रद्धालुओं ने कलाकारों की प्रस्तुति की जमकर सराहना की और इसे अविस्मरणीय बताया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।