भारत बना सबसे ज्यादा कोरोना मरीजों वाला देश, जानें सितंबर में कहां तक पहुंचेगा आंकड़ा?

कोरोना से प्रभावित टॉप-6 देशों में भारत का ग्रोथ रेट सबसे ज्यादा है। यहां संक्रमितों की संख्या 4.30% की दर से बढ़ रही है। ब्राजील दूसरे नंबर पर है, जहां 4.26% की ग्रोथ रेट है।

0
510

नई दिल्ली: भारत आज सबसे ज्यादा कोरोना मरीजों वाला दुनिया का चौथा देश बन जाएगा। देश में गुरुवार को 11,445 मरीज मिले। इसी के साथ कुल मरीजों की संख्या 2,88,731 हो गई, जो इंग्लैंड (2.91 लाख) और स्पेन (2.89 लाख) से थोड़ी कम है। भारत में मौतों की संख्या 8,485 हो गई है, जो इंग्लैंड से 5 गुना और स्पेन से 3 गुना कम है। संख्या के लिहाज से भारत से ऊपर अब सिर्फ तीन देश होंगे- अमेरिका, ब्राजील और रूस।

अगर भारत में कोरोना मामले बढ़ने की यही रफ्तार बनी रही तो 25 से 30 अगस्त के बीच भारत दुनिया में दूसरा सबसे ज्यादा संक्रमित देश बन जाएगा। हालांकि, तब तक ब्राजील में इससे भी ज्यादा खराब हालत होगी। ब्राजील में मामले मौजूदा रफ्तार से ही आगे बढ़ते रहे तो वह 25 जुलाई तक अमेरिका को पीछे छोड़ते हुए कोरोना प्रभावित देशों की लिस्ट में पहले नंबर पर पहुंच जाएगा।

देश में 4.30% की ग्रोथ रेट से संक्रमित बढ़ रहे-
कोरोना से प्रभावित टॉप-6 देशों में भारत का ग्रोथ रेट सबसे ज्यादा है। यहां संक्रमितों की संख्या 4.30% की दर से बढ़ रही है। ब्राजील दूसरे नंबर पर है, जहां 4.26% की ग्रोथ रेट है। ये आंकड़े विश्व स्वास्थ्य संगठन के हैं। सबसे कम ग्रोथ रेट स्पेन का है। यहां संक्रमितों की संख्या 0.10% की दर से बढ़ रही है।

भारत में 17 दिनों में बढ़ते हैं कोरोना मरीज-
भारत का डबलिंग रेट 17 दिन का है। मतलब यहां संक्रमितों की संख्या 17 दिनों में दोगुनी हो रही है। अगर यही रफ्तार रही तो 102 दिन यानी 21 सितंबर तक भारत में संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ के पार हो जाएगा। सबसे कम डबलिंग रेट स्पेन का है। यहां एक करोड़ का आंकड़ा छूने में 408 दिन लगेंगे।

भारत में बढ़ी टेस्टिंग लेकिन अमेरिका अब भी आगे-
इंडियन मेडिकल काउंसिल फॉर रिसर्च (आईसीएमआर) के मुताबिक, भारत में अब तक देश में 52,32,245 टेस्ट हो चुके हैं। इनमें 5.9% लोग संक्रमित मिले हैं। टेस्टिंग के मामले में अमेरिका हमसे चार गुना आगे है। अमेरिका में अब तक 2 करोड़ 26 लाख 90 हजार 765 लोगों की जांच हो चुकी है। इनमें 9.23% लोग संक्रमित मिले हैं। वहीं बात करें ब्राजील की तो स्थिति बेहद खराब है। यहां अभी तक 12 लाख 64 हजार 780 लोगों की जांच हुई है। इनमें 74.22% यानी 7 लाख 80 हजार 765 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें  फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।