निजामुद्दीन में हुए धार्मिक आयोजन में इन प्रदेशों से आए थे 1803 लोग, देखिए पूरी लिस्ट

0
735

दिल्ली के निजामुद्दीन (Nizamuddin) स्थित तब्लीगी जमात के मरकज में मौजूद 24 लोग अब तक कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इस खबर ने पूरे देश में दहशत का माहौल बना दिया है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सतेंदर जैन ने कहा कि हमें सटीक आंकड़ा नहीं पता, लेकिन मरकज में 1500 से 1700 लोग इकट्ठा हुए थे। अभी तक 1033 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है। स्वास्थ्य मंत्री सतेंदर जैन ने कहा कि अब तक 334 लोगों को हॉस्पिटल भेजा गया है, जबकि 700 लोगों को क्वारनटीन सेंटर भेजा गया है।

एक आंकड़े के मुताबिक, निजामुद्दीन स्थित जमात के मरकज में 15 देशों से लोग आए थे। इसमें इंडोनेशिया, मलेशिया, श्रीलंका समेत कई देश शामिल हैं। इसमें सबसे अधिक संख्या इंडोनेशिया से आए लोगों की थी। सूत्रों के मुताबिक, 800 लोग इंडोनेशिया के मरकज में ठहरे थे। अब इनकी जांच शुरू हो गई है।

निजामुद्दीन स्थित मरकज में शामिल जमात में से 9 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी। मरने वालों में तेलंगाना से लेकर कश्मीर तक पहुंचे लोग हैं। इसके बाद पूरे देश में हड़कंप मच गया है। हर प्रदेश ने अलर्ट जारी किया है। जमात से आए लोगों की तलाश की जा रही है। तेलंगाना में करीब 200 लोगों को क्वारनटीन किया गया है, जबकि तमिलनाडु में 800 लोगों की पहचान की गई है।

कैसे हुआ निजामुद्दीन मामले का खुलासा-
निजामुद्दीन स्थित तब्लीगी जमात के मरकज मामला तब खुला, जब दिल्ली में 64 साल के एक शख्स की मौत हुई। यह शख्स कोरोना पॉजिटिव मिला था। इसके बाद 33 लोगों को भर्ती कराया गया, जिसमें से कुछ कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद पूरा अमला हरकत में आया और पूरे सेंटर को खाली कराया गया।

जमात में किस-किस राज्य से कितने आए लोग-
इस धार्मिक आयोजन में 281 विदेशी नागरिकों समेत 19 प्रदेशों के 1830 लोग शामिल हुए थे। अंडमान से 21, असम से 216, बिहार से 86, हरियाणा से 22, हिमाचल से 15, हैदराबाद से 55, कर्नाटक से 45, महाराष्ट्र के 115, मेघालय में 5 और केरल से 15 लोग आए थे। मध्य प्रदेश से 107, ओडिशा से 15, पंजाब से 9, राजस्थान से 19, झारखंड से 46, तमिलनाडु से 501, उत्तराखंड से 34, उत्तर प्रदेश से 156 और पश्चिम बंगाल से 73 लोग आए थे। इस जमात में इंडोनेशिया, श्रीलंका समेत 15 देशों के 281 लोग भी आए थे। इसमें से 700 लोगों को क्वारनटीन और 334 लोगों को हॉस्पिटल भेजा गया है।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें  फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।