माता पल्लूवाली के मंगल पाठ में गूंजे भक्ति के स्वर, उमड़े श्रद्धालु

32
हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ टाउन स्थित कामधेनु सत्संग भवन, श्री गोशाला समिति परिसर में पल्लू धाम परिवार की ओर से पंचम माता पल्लूवाली मंगल पाठ महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ आयोजित किया गया। धार्मिक आयोजन में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने माता पल्लूवाली के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। मंगल पाठ के दौरान कामधेनु सत्संग भवन भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। पवन रोड़ा और राकेश रोड़ा के सुमधुर स्वरों में संगीतमय मंगल पाठ प्रस्तुत किया गया। भजनों और मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालु भाव-विभोर होकर माता का गुणगान करते रहे। पूरे आयोजन स्थल पर श्रद्धा और आध्यात्मिकता का वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों पर माता के जयकारे लगाए और मंगल पाठ में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। पल्लू धाम मंगल पाठ के आयोजक अशोक ढाबीवाल ने कहा कि माता पल्लूवाली का यह वार्षिक मंगल पाठ महोत्सव श्रद्धा और आस्था के साथ-साथ समाज में आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करने का माध्यम है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि माता पल्लूवाली की कृपा से श्रद्धालुओं के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे, यही सभी की मंगलकामना है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।