श्री श्याम महिला मित्र मंडल के तत्वावधान में सजे दिव्य दरबार पर बरसे फूल और इत्र, भजनों पर झूमे श्रद्धालु
हनुमानगढ़ टाउन। स्थानीय सेक्टर नंबर 3 स्थित पंचमुखी बालाजी मंदिर परिसर में श्री श्याम महिला मित्र मंडल द्वारा तृतीय श्री श्याम अखंड ज्योति पाठ का भव्य एवं गरिमामय आयोजन श्रद्धाभाव के साथ किया गया। जनसहयोग से आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्याम प्रेमियों ने भाग लेकर धर्मलाभ उठाया। कार्यक्रम के दौरान बाबा श्याम का अलौकिक व मनमोहक श्रृंगार कर दिव्य दरबार सजाया गया। अखंड पावन ज्योति प्रज्ज्वलित होने के साथ ही पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। पाठ का संगीतमय वाचन दिनेश शर्मा द्वारा अत्यंत सुमधुर वाणी और भावपूर्ण शैली में किया गया। उनके मुखारविंद से पाठ की चौपाइयों और वंदनाओं को सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। पाठ के उपरांत आयोजित संकीर्तन में जय श्री श्याम परिवार कला मंडल के प्रसिद्ध भजन गायक गौरव बजाज एवं विकास मोदी ने एक से बढ़कर एक श्याम भजनों की अमृत वर्षा की। भजनों के प्रवाह पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमने और ताली बजाने पर विवश हो गए। इस दौरान दरबार में सुगंधित इत्र वर्षा एवं पुष्प वर्षा की गई, जिससे मंदिर परिसर महक उठा। श्री श्याम महिला मित्र मंडल की सदस्यों ने बताया कि समाज में सुख, शांति और समृद्धि की कामना के साथ जनसहयोग से इस तृतीय अखंड ज्योति पाठ का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम के समापन पर खाटू नरेश को भोग व विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का महाभोग अर्पित किया गया। आरती के पश्चात सभी भक्तों में चरणामृत व प्रसाद का वितरण हुआ। दिनभर चले इस धार्मिक महोत्सव में टाउन सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे भारी संख्या में श्याम भक्तों ने शीश नवाकर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































