60 प्रतिभागियों ने दिखाया योग का दम, विजेताओं को किया सम्मानित

28

हनुमानगढ़। राजस्थान योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन हनुमानगढ़ द्वारा सातवीं जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता का सफल आयोजन श्री करणी राजपूत विश्राम गृह, हनुमानगढ़ टाउन में किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष भारतीय शिक्षण मंडल हनुमानगढ़ प्रताप सिंह सिंवर, रिटायर्ड बैंक मैनेजर दीपेंद्र कांत शर्मा, चानण राम चौधरी, फुसा राम स्वामी, हेमलता कंवर, नवीन भाखर, मनीष, अनिशा, पंकज नेहरा, गौरव उपाध्याय, कुलदीप खिलेरी, कमल दीप कौर, सरोज, विश्वेन्द्र, सुखमन्द्र सिंह, अचला वर्मा, प्रियंका सारण, सोनू एवं शानू मीर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में जिलेभर से विभिन्न आयु वर्गों के करीब 60 प्रतिभागियों ने भाग लेकर योगासन की विभिन्न विधाओं का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने संतुलन, लचीलापन और एकाग्रता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दर्शकों और निर्णायकों को प्रभावित किया। प्रतियोगिता का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से किया गया, जिसमें योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जज, रैफरी और स्वयंसेवक की भूमिका निभाते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया।
प्रतियोगिता के समापन पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही कार्यक्रम में सहयोग देने वाले जज, रैफरी, अतिथियों एवं ऐसोसिएशन के कार्यकर्ताओं को भी स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन फुसा राम स्वामी ने किया। उन्होंने प्रतियोगिता के उद्देश्यों और योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि मानसिक संतुलन के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को योग को अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में राजस्थान योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन हनुमानगढ़ के जिला अध्यक्ष चानण राम चौधरी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करती हैं और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखा जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।