सड़क सुरक्षा को लेकर हनुमानगढ़ में उठाया गया बड़ा कदम

223

– डिवाइडर के बीच लगाए गए यातायात जागरूकता बोर्ड, यातायात नियमों के प्रति जागरूक करेगी यातायात पुलिस
हनुमानगढ़। 
सड़क हादसों को रोकने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हनुमानगढ़ शहर में जिला पुलिस अधीक्षक की ओर से एक अहम पहल की गई है। बस डिपो से लेकर गंगानगर अंडरपास तक सड़क के डिवाइडर के बीच 12 यातायात जागरूकता बोर्ड लगाए गए हैं, जिन पर आमजन को सावधानी बरतने और नियमों का पालन करने के संदेश अंकित हैं।
यातायात थाना प्रभारी अनिल चिन्दा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह साइन बोर्ड जिला पुलिस अधीक्षक हरि शंकर के निर्देशानुसार लगाए गए हैं। फिलहाल यह कार्य प्रारंभिक चरण में है, और आने वाले दिनों में पूरे शहर के मुख्य मार्गों पर 100 से अधिक साइन बोर्ड लगाए जाएंगे, जिससे शहरवासियों को हर मोड़ पर यातायात नियमों की याद दिलाई जा सके।
इन साइन बोर्ड्स पर “शराब पीकर वाहन न चलाएं”, “चलते वाहन पर मोबाइल फोन का प्रयोग न करें”, “हेलमेट अवश्य पहनें”, “तेज गति से वाहन न चलाएं”, “वाहन चलाते समय सीट बेल्ट जरूर लगाएं” जैसे संदेश प्रमुखता से अंकित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त ‘गुड सिम्टम्स ऑफ सेफ ड्राइविंग’ जैसे संकेतों को सरल भाषा और चित्रों के माध्यम से समझाया गया है, जिससे हर आयु वर्ग के लोग आसानी से इन्हें समझ सकें।
पुलिस अधीक्षक हरि शंकर का मानना है कि छोटे-छोटे संदेश और लगातार दृष्टिगोचर होने वाली चेतावनियां नागरिकों के व्यवहार में परिवर्तन लाने में सहायक सिद्ध हो सकती हैं। साथ ही दुर्घटनाओं की संख्या में भी उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।
थाना प्रभारी अनिल चिन्दा ने यह भी बताया कि भविष्य में ट्रैफिक पुलिस स्कूलों, कॉलेजों और सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर रोड सेफ्टी को लेकर जागरूकता अभियान चलाने की योजना बना रही है, ताकि युवा पीढ़ी को शुरुआत से ही नियमों के पालन की आदत डाली जा सके।
जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा उठाया गया यह कदम न केवल सराहनीय है, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति सामाजिक चेतना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास भी है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे इन संदेशों को गंभीरता से लें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग करें।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।