श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ पर निकली भव्य कलश यात्रा

42

– चोतिना कुआं हनुमान मंदिर से फाटक गौशाला तक श्रद्धा और भक्ति से गूंजा हनुमानगढ़ टाउन
हनुमानगढ़ । ऐतिहासिक भटनेर दुर्ग के समीप बरकत कॉलोनी स्थित फाटक गौशाला में रविवार को सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। धार्मिक उल्लास और भक्ति भाव से ओतप्रोत इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र जय श्रीराम, राधे-राधे और भागवत महापुराण के जयकारों से गूंज उठा।
कलश यात्रा का शुभारंभ प्रातः चोतिना कुआं स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। यात्रा में महिलाएं सिर पर सजे कलश धारण कर मंगल गीत गाते हुए चल रही थीं, वहीं श्रद्धालु भक्ति रस में झूमते नजर आए। मुख्य यजमान मदनचंद हिसारिया, अशोक हिसारिया एवं सोनू गोयल ने श्रद्धा पूर्वक अपने सिर पर श्रीमद् भागवत गीता धारण कर यात्रा का नेतृत्व किया। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कथा स्थल फाटक गौशाला पहुंची, जहां पुष्प वर्षा एवं स्वागत द्वारों के माध्यम से श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया।
फाटक गौशाला परिसर में कथा स्थल को आकर्षक फूलों, रंग-बिरंगी झालरों एवं धार्मिक सजावट से भव्य रूप दिया गया है। कथा के प्रथम दिन व्यास पीठ से प्रख्यात कथा वाचक आचार्य श्री दयानंद जी शास्त्री ने श्रीमद् भागवत महात्म्य एवं श्री नारद चरित्र का वर्णन करते हुए कहा कि भागवत कथा मनुष्य जीवन को धर्म, भक्ति और सदाचार की ओर प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि कलियुग में भगवान के नाम और कथा श्रवण से बढ़कर कोई साधन नहीं है।
गौ सेवा संस्थान फाटक गौशाला के अध्यक्ष मुरलीधर गर्ग ने बताया कि यह सात दिवसीय आयोजन 23 मई तक चलेगा। कथा का आयोजन हिसारिया परिवार द्वारा करवाया जा रहा है। प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक कथा का आयोजन होगा, जबकि अंतिम दिन पूर्णाहुति, हवन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।