– खाद की ऑनलाइन व्यवस्था, फसलों की स्थिति और विभागीय सहयोग को लेकर हुई चर्चा
हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ कृषि संगठन के पदाधिकारियों ने सोमवार को हनुमानगढ़ में नवनियुक्त संयुक्त कृषि निदेशक यशवंती से मुलाकात कर उनका हनुमानगढ़ में स्वागत किया व साथ ही क्षेत्र के किसानों एवं कृषि क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा की। संगठन के जिलाध्यक्ष अमृतपाल सिंह कंबोज के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने संयुक्त कृषि निदेशक का स्वागत किया और जिले में कृषि क्षेत्र की वर्तमान स्थिति से अवगत करवाया।
मुलाकात के दौरान मुख्य रूप से खाद वितरण की नई ऑनलाइन व्यवस्था को लेकर चर्चा हुई। जिलाध्यक्ष अमृतपाल सिंह कंबोज ने बताया कि खाद उपलब्ध करवाने के लिए ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से लागू की गई नई व्यवस्था के चलते किसानों और कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इन समस्याओं को संयुक्त कृषि निदेशक के समक्ष रखते हुए व्यवस्था को सरल एवं सुगम बनाने की आवश्यकता बताई। संगठन की ओर से कहा गया कि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध होना बेहद जरूरी है, ताकि फसलों की पैदावार प्रभावित न हो।
कंबोज ने क्षेत्र में बारिश की कमी को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण खेतों में फसलों की स्थिति कमजोर होती जा रही है। लगातार पड़ रही गर्मी के चलते फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और कई स्थानों पर फसलें गर्मी से झुलसने की स्थिति में पहुंच रही हैं। ऐसे में किसानों को कृषि विभाग की ओर से आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध करवाया जाना जरूरी है।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि हनुमानगढ़ के कृषि व्यापारी और कृषि क्षेत्र से जुड़े लोग हमेशा विभाग के साथ सहयोग करते रहे हैं। जिलाध्यक्ष ने पूर्व में टिड्डी प्रकोप के दौरान कृषि संगठन द्वारा कृषि विभाग के साथ किए गए सहयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय संगठन ने विभाग के साथ मिलकर किसानों की सहायता के लिए सक्रिय भूमिका निभाई थी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।
































