-छात्रों ने किया कॉलेज डीन का पुतला दहन, कार्रवाई की मांग तेज
हनुमानगढ़, । जिला मुख्यालय पर निर्माणाधीन कृषि महाविद्यालय एक बार फिर विवादों में घिर गया है। गुरुवार को महाविद्यालय में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर छात्रों ने जिला कलक्ट्रेट के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया और कॉलेज डीन हनुमाना राम का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारी छात्राओं ने आरोप लगाया कि कॉलेज की करोड़ों की लागत से बन रही बिल्डिंग भ्रष्टाचार की नींव पर खड़ी की जा रही है, जो छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
छात्र नेता सुधीर बलिहारा ने प्रदर्शन के दौरान मीडिया से बातचीत में बताया कि कृषि महाविद्यालय की घटिया गुणवत्ता वाली निर्माण सामग्री के उपयोग की सच्चाई पहली ही बारिश में सामने आ गई। उन्होंने कहा कि बिल्डिंग की नींव कमजोर और असुरक्षित नजर आई, जिससे छात्रों की जान को खतरा पैदा हो गया है। बलिहारा ने आरोप लगाया कि कुछ भ्रष्ट अधिकारियों, डीन और ठेकेदारों की मिलीभगत से निर्माण कार्य में करोड़ों रुपये का घोटाला किया गया है। उन्होंने दावा किया कि इसके प्रमाण सभी प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंचा दिए गए हैं।
प्रदर्शन में शामिल जिला परिषद डायरेक्टर मनीष मक्कासर ने भी इस प्रकरण को गंभीर बताते हुए कहा कि स्पष्ट रूप से यह एक बड़े स्तर का भ्रष्टाचार का मामला है, जिसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से तुरंत कार्रवाई कर दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की।
छात्राओं और सामाजिक संगठनों का कहना है कि यदि जल्द ही इस मुद्दे पर प्रशासन ने ठोस कदम नहीं उठाए, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। वहीं, छात्रों के अभिभावकों में भी इस प्रकरण को लेकर गहरा रोष देखा गया है। उनका कहना है कि बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।हालाकि प्रशासन ने उक्त मामले में बुधवार को तीन सदस्यों की कमेटी का गठन कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































