– साध्वी श्री सूरज प्रभा जी के सान्निध्य में 9 की तपस्या पूर्ण करने वाली बहनों का हुआ भावपूर्ण अभिनंदन
हनुमानगढ़। नगर में अध्यात्म और तप की ऊर्जा से ओतप्रोत एक भव्य तप अनुमोदन कार्यक्रम का आयोजन हुआ। तेरापंथ सभा परिसर में आयोजित इस आध्यात्मिक कार्यक्रम में साध्वी श्री सूरज प्रभा जी, साध्वी श्री डॉ. लावण्य यशा जी, साध्वी श्री नैतिक प्रभा जी की प्रेरणा से नौ उपवास की तपस्या पूर्ण करने वाली बहनों विनिता बैद व साक्षी बैद का भावभीनी तप अभिनंदन किया गया। यह आयोजन हनुमानगढ़ की साधना-परंपरा में एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ने वाला सिद्ध हुआ।
तपस्वी बहनों द्वारा की गई 9 उपवास की कठिन तपस्या ने समाज में अध्यात्म और संयम का प्रेरक संदेश प्रसारित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुश्री क्रियाशी सकलेचा के मंगलाचरण से हुआ। तत्पश्चात, उपस्थित श्रद्धालुओं ने गीतिका और वक्तव्यों के माध्यम से तपस्वियों को नमन किया।
तप अनुमोदन समारोह में मुख्य रूप से राजेंद्र बेद, डॉ. नरेश सकलेचा, डॉ. पारस जैन, सौरभ बैद, सरदारशहर सभा अध्यक्ष राजकुमार बुच्चा, आरती बुच्चा, दीपिका बांठिया, अंजना बोथरा, नेहा बैद, संजय बैद, अरुण जैन, पूजा जैन, पूनम राखेचा, जैन प्रकाश जैन, सुरेन्द्र कोठारी सहित कई गणमान्य श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहीं। सभी ने तपस्वियों के संयम, साधना और संकल्प को सराहते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
सभा मंत्री मनोज राखेचा ने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए तपस्वी बहनों के आत्मानुशासन की प्रशंसा की। कोषाध्यक्ष राजेश जैन व मंत्री मनोज राखेचा द्वारा तपस्वियों को अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। तेरापंथ महिला मंडल की सदस्यों द्वारा गीतिका के माध्यम से तपस्वियों का गुणगान करते हुए सम्मान अर्पित किया गया।
मंच संचालन माधुरी बैद ने प्रभावशाली ढंग से किया। साध्वी श्री सूरज प्रभा जी ने तपस्वियों को साधुवाद देते हुए श्रावक समाज से आग्रह किया कि हनुमानगढ़ में तप की परंपरा निरंतर बहती रहे। उन्होंने कहा कि ऐसी तप साधनाएं न केवल आत्मोन्नति का मार्ग प्रशस्त करती हैं, बल्कि समाज में संयम और साधना का वातावरण भी निर्मित करती हैं।
कार्यक्रम के समापन पर वरिष्ठ श्रावकों बाबूलाल दुग्गड़, विनोद बांठिया, लोकेश बैद, नवरतन बांठिया, सुरेन्द्र बोथरा, विधाधर बोरड़, महेश भादानी आदि की उपस्थिति ने आयोजन को गरिमा प्रदान की।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































