– विधायक अभिमन्यु पूनिया बैरिकेड से गिरे, कार्यकर्ताओं में उबाल; चुनाव, किसानों और महंगाई के मुद्दों पर सरकार को घेरा
हनुमानगढ़। किसानों की समस्याओं, बढ़ती महंगाई, पंचायत एवं निकाय चुनावों में हो रही देरी तथा विभिन्न जनहित मुद्दों को लेकर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर जोरदार रोष मार्च एवं प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, किसान और आमजन कलेक्ट्रेट पहुंचे तथा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान उस समय माहौल और अधिक गरमा गया जब पुलिस प्रशासन द्वारा कलेक्ट्रेट के बाहर लगाए गए बैरिकेड्स को पार करने का प्रयास कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इसी दौरान संगरिया विधायक अभिमन्यु पूनिया बैरिकेड पर चढ़कर प्रदर्शन कर रहे थे और अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गए। विधायक के गिरते ही कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी।
स्थिति तनावपूर्ण होते देख कार्यकर्ताओं ने मौके पर लगाए गए बैरिकेड्स को उखाड़कर एक तरफ कर दिया और वहीं धरने पर बैठ गए। जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने जा रहे लोगों को प्रशासन द्वारा रोकने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग की। ज्ञापन में जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने बताया कि इस वर्ष जिले में गेहूं का उत्पादन रिकॉर्ड स्तर पर हुआ है, लेकिन किसानों को समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेचने में अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस ने गेहूं खरीद की अंतिम तिथि 30 जून 2026 तक बढ़ाने, पंजीकरण अवधि में विस्तार करने तथा मंडियों में पर्याप्त बारदाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि पिछले दो वर्षों से किसानों की डिग्गियों की अनुदान राशि लंबित पड़ी है, जिससे किसान आर्थिक संकट झेल रहे हैं। कांग्रेस ने लंबित अनुदान राशि तत्काल जारी करने की मांग उठाई। साथ ही पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर भी सरकार को घेरा गया। नेताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई से आम आदमी का जीवन प्रभावित हो रहा है और सरकार को तत्काल राहत देने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।





































