– प्लास्टिक मुक्त आयोजन बना आकर्षण का केंद्र, आमजन से भी किया प्लास्टिक उपयोग कम करने का आह्वान
हनुमानगढ़। श्री अरूट जयंती सप्ताह के समापन अवसर पर रविवार को युवा अरोड़वंश समाज द्वारा सामाजिक सेवा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ठंडे मीठे जल की छबील का आयोजन किया गया। जंक्शन स्थित भगत सिंह चौक मुख्य बाजार में आयोजित इस सेवा कार्य में समाज के युवाओं और वरिष्ठजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा राहगीरों और आमजन को शीतल मीठा जल पिलाकर गर्मी से राहत प्रदान की।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः किया गया, जिसके बाद सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक लगातार छबील संचालित रही। भीषण गर्मी के बीच बड़ी संख्या में लोगों ने छबील का लाभ उठाया। बाजार से गुजरने वाले राहगीरों, दुकानदारों, वाहन चालकों तथा अन्य नागरिकों ने ठंडे मीठे जल का सेवन कर राहत महसूस की और समाज की इस सेवा भावना की सराहना की।
इस आयोजन की विशेष बात यह रही कि पूरे कार्यक्रम को पूर्णतः प्लास्टिक मुक्त रखा गया। छबील में कहीं भी प्लास्टिक के गिलास, बोतल अथवा अन्य सामग्री का उपयोग नहीं किया गया। समाज के सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए आमजन से भी प्लास्टिक का उपयोग कम से कम करने तथा पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने का आह्वान किया। उपस्थित लोगों को बताया गया कि एकल उपयोग वाले प्लास्टिक से पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचता है, इसलिए इसके प्रयोग से बचना समय की आवश्यकता है।
युवा अरोड़वंश समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि श्री अरूट जयंती सप्ताह के दौरान विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और सेवा कार्यों का आयोजन किया गया। सप्ताह भर चले कार्यक्रमों का समापन जनसेवा और पर्यावरण जागरूकता के इस आयोजन के साथ किया गया।
छबील के दौरान समाज के युवाओं ने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ व्यवस्था संभाली, जबकि वरिष्ठजनों ने उनका मार्गदर्शन करते हुए सेवा कार्य में सहयोग दिया। समाज के सदस्यों ने कहा कि मानव सेवा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। भविष्य में भी ऐसे जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































