आयुष्मान आरोग्य मंदिर से मिलेगी स्वास्थ्य सेवाएं, विधायक बंसल के प्रयास रंग लाए

162

– निरीक्षण के दौरान मरीजों के लिए कुर्सियां, वाटर कूलर और साफ-सफाई के दिए निर्देश
हनुमानगढ़। कैनाल कॉलोनी स्थित पुराने राजकीय अस्पताल परिसर में एक बार फिर से अब आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयुष्मान आरोग्य मंदिर (जनता क्लिनिक) की सौगात मिली है। विधायक गणेश राज बंसल के प्रयासों से स्वीकृत इस क्लिनिक का गुरुवार को निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विधायक गणेश राज बंसल के साथ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. नवनीत शर्मा और पूर्व पार्षद गौरव जैन मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान विधायक बंसल ने भरोसा दिलाया कि यह आयुष्मान आरोग्य मंदिर (जनता क्लिनिक) आमजन के लिए हर समय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में सक्षम रहेगा। उन्होंने बताया कि प्राथमिक चिकित्सा के सभी प्रबंध क्लिनिक में कर दिए गए हैं। इसी क्रम में उन्होंने तुरंत मरीजों के बैठने के लिए 10 कुर्सियों की व्यवस्था करवाई। वहीं एडवोकेट जेपी गर्ग ने मरीजों के लिए पीने के पानी की सुविधा हेतु वाटर कूलर देने की घोषणा की।
आमजन की मांग को देखते हुए विधायक बंसल ने सीएमएचओ को चिकित्सालय का मुख्य द्वार खोलने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नगर परिषद अधिकारियों को अस्पताल परिसर की साफ-सफाई करने के आदेश भी दिए। निरीक्षण के दौरान जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पड़े टॉयलेट ब्लॉक का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने तत्काल मरम्मत करवाने के निर्देश जारी किए।
पूर्व पार्षद गौरव जैन ने कहा कि यह जनता क्लिनिक आसपास के 10 वार्डों के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां के लोगों को अब नजदीक ही बेहतरीन चिकित्सा सुविधा तुरंत प्रभाव से प्राप्त होगी।
सीएमएचओ डॉ नवनीत शर्मा ने बताया कि उक्त आयुष्मान आरोग्य मंदिर (जनता क्लिनिक) में डॉक्टर हिमांगनी शेखावत, फार्मासिस्ट नमन वर्मा, रविंद्र, कश्मीर सिंह, एएनएम ममता, करण ,जसवीर सिंह अपनी सेवाएं देंगे।
निरीक्षण के अवसर पर वार्डवासियों ने विधायक गणेश राज बंसल और पूर्व पार्षद गौरव जैन का माला पहनाकर अभिनंदन किया। क्षेत्रवासियों ने इस पहल को स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया और उम्मीद जताई कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर (जनता क्लिनिक) से स्थानीय लोगों को राहत और सुविधा मिलेगी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।