– कपड़े के थैलों का विमोचन, प्रधानमंत्री आवास योजना की किश्तें वितरित
हनुमानगढ़। राज्य सरकार के निर्देशानुसार नगरपरिषद हनुमानगढ़ द्वारा चलाए जा रहे शहरी सेवा शिविर 2025 अभियान के अंतर्गत गुरुवार को विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आमजन की समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया गया। इस दौरान नगरपरिषद आयुक्त सुरेंद्र सिंह यादव सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025 के तहत स्वच्छोत्सव मनाया गया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और नागरिकों को स्वच्छता का संकल्प दिलाया गया। नगरपरिषद की ओर से स्वच्छता जागरूकता को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से विशेष रूप से तैयार किए गए कपड़े के प्रिंटेड थैलों का विमोचन किया गया। इन थैलों पर स्वच्छता संदेश अंकित किया गया है। मौके पर मौजूद लोगों को ये थैले वितरित किए गए ताकि पॉलिथिन मुक्त अभियान को बढ़ावा मिल सके और लोग पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
नगरपरिषद आयुक्त सुरेंद्र यादव ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान तभी सफल हो सकता है जब हर नागरिक इसे अपनी जिम्मेदारी समझे और घर-आंगन से लेकर गली-मोहल्लों तक स्वच्छता बनाए रखने, प्लास्टिक का उपयोग न करें में सहयोग करे। उन्होंने आमजन से अपील की कि कचरे का पृथक्करण करें और प्लास्टिक का उपयोग कम से कम करें।
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को किश्तों का वितरण भी किया गया। पात्र लोगों को वित्तीय सहायता की किश्तें सौंपते हुए अधिकारियों ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार मिलकर आमजन को आवास, पानी, सड़क, बिजली जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
इसके अलावा शिविर में नागरिकों की विभिन्न समस्याएं जैसे जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, पेंशन, शहरी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें और आवास योजना से संबंधित आवेदन मौके पर ही निपटाए गए। बड़ी संख्या में लोग शिविर का लाभ लेने पहुंचे और संतोष व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान नगरपरिषद अधिकारियों ने बताया कि शहरी सेवा शिविर 2025 अभियान आमजन को राहत पहुँचाने की एक बड़ी पहल है। इससे लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर काटने से मुक्ति मिल रही है और योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुँच रहा है। शिविर में आमजन की समस्याओं के निस्तारण के लिए आयुक्त सुरेन्द्र सिंह यादव, जंक्शन प्रभारी गंगाराम, एटीपी निखिल मेहरा, डीपीओ आंचल फुटेला, ओएस वेदप्रकाश शर्मा सहित समस्त स्टॉफ जुटा हुआ है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































