योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाकर ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव : बाबूलाल जुनेजा

33
हनुमानगढ़,। वाग्भट वेलनेस एवं आयुष रिसर्च सेंटर तथा लायंस क्लब हनुमानगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में शहरवासियों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सेंट्रल पार्क, रावतसर रोड, हनुमानगढ़ टाउन में आयोजित नि:शुल्क योग शिविर का  रविवार को  उद्घाटन  हुआ। शिविर के दौरान बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भाग लेकर योगासन, प्राणायाम एवं विभिन्न स्वास्थ्यवर्धक अभ्यासों का लाभ लिया।
वाग्भट वेलनेस एवं आयुष रिसर्च सेंटर के संस्थापक बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि योग केवल व्यायाम करने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन जीने की प्रभावी पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति को शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और बेहतर जीवनशैली अपनाने में सहायता मिलती है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव, अनियमित दिनचर्या और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना बेहद आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि वाग्भट वेलनेस एवं आयुष रिसर्च सेंटर का उद्देश्य योग, आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा की उपयोगिता को आमजन तक पहुंचाना है, ताकि लोग स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक हों और बीमारी होने के बाद उपचार कराने के बजाय स्वास्थ्य संरक्षण पर भी ध्यान दें।
शिविर में योग विशेषज्ञ अरविन्द सिंह रावत ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम करवाए। उन्होंने प्रत्येक अभ्यास को सही विधि से करने की जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों के बारे में विस्तार से बताया। प्रतिभागियों को तनाव कम करने, शरीर में लचीलापन बनाए रखने, ऊर्जा एवं एकाग्रता बढ़ाने, मानसिक शांति प्राप्त करने तथा बेहतर दिनचर्या के लिए योग को नियमित रूप से अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।