हनुमानगढ़ जंक्शन। भारत सरकार द्वारा संचालित “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत के लिए” अभियान के अंतर्गत 100 सप्ताह के स्वस्थ जीवनशैली कार्यक्रम “सुखम 100” के तहत रविवार को युवाओं को नशामुक्त, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन ब्रह्माकुमारीज पाठशाला, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, हनुमानगढ़ जंक्शन द्वारा राजकीय सावित्रीबाई फुले महिला महाविद्यालय छात्रावास, हनुमानगढ़ जंक्शन में किया गया। कार्यक्रम में लगभग 70 युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंतर्गत सुबह युवाओं द्वारा नशामुक्ति जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में युवाओं ने विभिन्न प्रेरणादायक नारों के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया तथा नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया। रैली के माध्यम से युवाओं ने स्वयं भी नशामुक्त जीवन जीने तथा अपने परिवार एवं समाज को नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया।
ब्रह्माकुमारी खुशबू बहन ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी शक्ति है। यदि युवा नशामुक्त होकर अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाएं, तो वे स्वयं के साथ-साथ परिवार, समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
इस अवसर पर छात्रावास संचालक शीशपाल कौर ने ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा युवाओं के बीच नशामुक्ति एवं स्वस्थ जीवनशैली को लेकर किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम युवाओं को सही दिशा देने और उन्हें नशे से दूर रखने में अत्यंत उपयोगी एवं सरहनीय हैं।
“सुखम 100” की युवा सहभागिता रूपरेखा के अंतर्गत युवाओं को सीखने, अनुभव करने, सामुदायिक क्रिया में भाग लेने, मनाने तथा प्रतिज्ञा करने के माध्यम से स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































