भारतीय शेयर बाजार में इस हफ्ते एक और बड़ा आईपीओ (IPO) आया है, और इस बार बारी है JSW सीमेंट की। देश की प्रमुख सीमेंट निर्माण कंपनियों में शामिल JSW सीमेंट (JSW Cement IPO) ने अपना आईपीओ 7 अगस्त 2025 को निवेशकों के लिए खोल दिया। कंपनी का लक्ष्य है कि इस पब्लिक इश्यू के जरिए वह 3,600 करोड़ रुपये जुटाए, जिसे वह अपने विस्तार और कर्ज घटाने जैसे कामों में लगाएगी।
इस इश्यू में 1,600 करोड़ रुपये के नए इक्विटी शेयर (Fresh Issue) शामिल हैं, जिनसे जुटाई गई राशि कंपनी के पास जाएगी। वहीं, 2,000 करोड़ रुपये के ऑफर फॉर सेल (OFS) का मतलब है कि मौजूदा शेयरधारक अपने कुछ शेयर बेचकर नकद प्राप्त करेंगे, जिसका पैसा सीधे उन्हें मिलेगा।
कंपनी ने IPO के लिए प्राइस बैंड ₹139 से ₹147 प्रति शेयर तय किया है। निवेश करने के लिए न्यूनतम एक लॉट खरीदना होगा, जिसमें 102 शेयर होंगे। यानी एक लॉट खरीदने के लिए निवेशकों को लगभग ₹14,178 से ₹14,994 तक खर्च करने होंगे। यह IPO 11 अगस्त 2025 तक खुला रहेगा।
ये भी पढे़: नौकरीपेशा लोगों के लिए जरूरी खबर: अब PF नंबर मिलेगा सिर्फ फेस स्कैन से, जानिए पूरा प्रोसेस
पहले दिन का प्रदर्शन: 29% सब्सक्रिप्शन
IPO के पहले दिन ही निवेशकों की अच्छी-खासी दिलचस्पी देखने को मिली। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी ने 18.12 करोड़ शेयरों की पेशकश की थी, जिनमें से 5.21 करोड़ शेयरों के लिए आवेदन आया। इस तरह पहले दिन का कुल सब्सक्रिप्शन 29% पर पहुंचा।
-
रिटेल निवेशकों (छोटे निवेशकों) के लिए रखे गए 9.06 करोड़ शेयरों में से 3.26 करोड़ शेयर बुक हो गए, यानी 36% सब्सक्रिप्शन। यह दर्शाता है कि छोटे निवेशकों में कंपनी के शेयर को लेकर भरोसा और उत्साह है।
-
क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) सेगमेंट में 23% सब्सक्रिप्शन दर्ज हुआ। इस श्रेणी में आम तौर पर म्यूचुअल फंड, इंश्योरेंस कंपनियां और अन्य बड़े संस्थागत निवेशक शामिल होते हैं।
-
नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) या हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल्स के सेगमेंट में 20% सब्सक्रिप्शन हुआ। इस श्रेणी में अमीर व्यक्तिगत निवेशक और कॉर्पोरेट हाउस शामिल होते हैं।
व्हाट्सऐप चैनल से जुड़ें, ताकि ऐसी ज़रूरी खबरें आप तक तुरंत पहुंचें। [यहां क्लिक करें]

ग्रे मार्केट में भी गर्माहट
IPO के प्रति निवेशकों के रुझान का अंदाजा ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) से भी लगाया जा सकता है। 7 अगस्त को JSW सीमेंट का GMP ₹12 प्रति शेयर रहा, यानी उम्मीद है कि शेयर लिस्टिंग के समय ₹159 प्रति शेयर के आस-पास खुल सकता है। अगर यह अनुमान सही रहा, तो निवेशकों को लिस्टिंग पर करीब 8% का मुनाफा मिल सकता है। दिलचस्प बात यह है कि 6 अगस्त को GMP सिर्फ ₹6 प्रति शेयर था, यानी एक दिन में इसमें 100% की तेजी देखी गई।
कंपनी के बारें में
SW सीमेंट, JSW ग्रुप का हिस्सा है, जो इस्पात, ऊर्जा, इंफ्रास्ट्रक्चर और खेल जैसे कई क्षेत्रों में सक्रिय है। कंपनी देश के विभिन्न राज्यों में सीमेंट प्लांट संचालित करती है और अपने प्रोडक्ट्स की मजबूत ब्रांड पहचान रखती है। सीमेंट सेक्टर में बढ़ती मांग, खासकर रियल एस्टेट और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में, JSW सीमेंट के लिए एक बड़ा अवसर मानी जा रही है। कंपनी ने हाल के वर्षों में उत्पादन क्षमता बढ़ाने और लागत घटाने पर काफी काम किया है।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































