– हनुमानगढ़ में किसानों को ऋण स्वीकृति पत्र व चेक वितरित, कृषि विकास के लिए वित्तीय सेवाओं पर जोर
हनुमानगढ़। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय कार्यालय, जोधपुर द्वारा शुक्रवार को राष्ट्रव्यापी मेगा कृषि क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम बैंक की विभिन्न शाखाओं में आयोजित हुआ, जबकि मुख्य कार्यक्रम हनुमानगढ़ जंक्शन शाखा के तत्वावधान में जाट धर्मशाला, न्यू धानमंडी, हनुमानगढ़ में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को सरल एवं त्वरित कृषि ऋण सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा कृषि क्षेत्र के विकास को गति देना रहा।
कार्यक्रम में कृषि विभाग हनुमानगढ़ की उपनिदेशक राजवंती सारण मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रमुख अंकित सिकन्द, उपक्षेत्रीय प्रमुख आर.के. यादव सहित बैंक के अनेक वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत क्षेत्रीय प्रमुख अंकित सिकन्द ने किया।
अपने स्वागत संबोधन में अंकित सिकन्द ने कहा कि बैंक द्वारा आयोजित यह विशेष मेगा कृषि ऋण आउटरीच कार्यक्रम किसानों को उनकी कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों के लिए आवश्यक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि बैंक का लक्ष्य किसानों को सुलभ ऋण उपलब्ध कराकर उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाना तथा कृषि क्षेत्र को नई गति प्रदान करना है।
कार्यक्रम के दौरान बैंक अधिकारियों ने किसानों, ग्राहकों एवं कृषि उद्यमियों को विभिन्न कृषि ऋण योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और अन्य बैंकिंग सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर पात्र किसानों एवं ग्राहकों को कृषि ऋण स्वीकृति पत्र और चेक भी वितरित किए गए।
मुख्य अतिथि राजवंती सारण ने अपने संबोधन में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने तथा संस्थागत वित्त का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कृषि उत्पादकता और किसानों की आय बढ़ाने में बैंकिंग संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा किसानों तक वित्तीय सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।





































