चंडीगढ़ हाई प्रोफाइल छेड़खानी मामले में चौंकाने वाला खुलासा, खट्टर ने कहा, सजा जरूर होगी

0
206

नई दिल्ली: चंडीगढ़ में हाई प्रोफाइल छेड़छाड़ मामले में चौंकाने वाला नया खुलासा हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस इलाके में पीड़ित के साथ छेड़छाड़ हुई थी, उस इलाके के सभी सीसीटीवी फुटेज गायब हो गए हैं। बताया जा रहा है कि सेक्टर 26 और सेक्टर 7 के 6 जगहों की फुटेज गायब हो गई हैं, जिसके कारण एक बार फिर से पुलिस पर आरोपी को बचाने का आरोप लगाया जा रहा है।

वहीं, हरियाणा में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे द्वारा की गई छेड़छाड़ मामले में अब राजनेता अपनी-अपनी रोटियां सेंकने लगे हैं। रविवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भी इसको लेकर ट्वीट में कहा कि भाजपा सरकार अपराधियों और अपनी विचारधारा वालों से साठगांठ करने के बजाय उनको सजा दे। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता राज्य में जगह-जगह इस मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इतना ही नहीं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को इस घटना के विरोध में पुतले भी फूंके थे।

हरियाणा भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला के पुत्र और उसके दोस्त को एक आईएएस अधिकारी की बेटी से छेड़छाड़ के आरोप में गिरप्तार किया गया लेकिन जल्द ही उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया था। हालांकि, अधिकारियों के मुताबिक मामले की जांच जारी है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा है कि विकास बराला और उसके दोस्त आशीष ने उसकी गाड़ी को रोका, उसका पीछा किया और उसके साथ छेड़छाड़ की। पीड़िता ने शुक्रवार रात सेक्टर-26 पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

हरियाणा के सीएम ने किया आरोपी के पिता का समर्थन

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर उलटे बराला का ही समर्थन करते नजर आए। खट्टर ने हिसार में पत्रकारों से कहा, इस मामले का सुभाष बराला से कोई लेना-देना नहीं है। यह एक व्यक्ति से जुड़ा मामला है। अगर आरोप सही साबित होता है, तो यह बेहद निंदनीय है। खट्टर ने कहा, मुझे इस बारे में बताया गया। आरोपी अगर दोषी पाया गया तो उसे सजा दी जाएगी। इस मामले पर यह मेरा आधिकारिक पक्ष है। मुख्यमंत्री खट्टर ने कहा कि उन्हें चंडीगढ़ पुलिस में पूरा विश्वास है और न्याय अपना काम करेगी। चंडीगढ़ के पुलिस उप अधीक्षक (पूर्वी) सतीश कुमार ने कहा है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354 और 341 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

रूचि के अनुसार खबरें देखने के लिए इन लिंक पर किल्क करें

(खबर कैसी लगी बताएं जरूर। आप हमें फेसबुकट्विटर और यूट्यूब पर फॉलो भी कर सकते हैं)