– सोनम वांगचुक के समर्थन में राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, नीट पेपर लीक मामले में सख्त कार्रवाई की उठाई मांग
हनुमानगढ़। सीटू (सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस) हनुमानगढ़ के नेतृत्व में सोमवार को लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा, शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा नीट परीक्षा से जुड़े कथित पेपर लीक प्रकरण में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने भारत के राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन के माध्यम से ज्ञापन सौंपते हुए शांतिपूर्ण आंदोलन के अधिकारों की रक्षा और शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान सीटू जिला अध्यक्ष कॉमरेड आत्मा सिंह ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शांतिपूर्ण अनशन कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक एवं अन्य प्रदर्शनकारियों को पुलिस-प्रशासन द्वारा बलपूर्वक हटाया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उनका कहना था कि शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में इसे बल प्रयोग के माध्यम से दबाने का प्रयास उचित नहीं माना जा सकता।
रघुवीर वर्मा ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती नागरिकों के अभिव्यक्ति के अधिकार और शांतिपूर्ण विरोध की स्वतंत्रता पर निर्भर करती है। यदि जनसरोकारों से जुड़े आंदोलनों को बलपूर्वक रोका जाएगा तो इससे लोकतांत्रिक संस्थाओं पर जनता का विश्वास कमजोर होगा। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































