कांग्रेस ने बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का लिया संकल्प

38
-मंडल बैठक में पंचायत चुनाव की रणनीति पर मंथन, कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान
हनुमानगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी हनुमानगढ़ के तत्वावधान में सोमवार को कांग्रेस मंडल की बैठक गांव मिड्ढारोही के पंचायत घर में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने तथा पंचायत चुनावों को लेकर रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव तक कांग्रेस की नीतियों और जनहितकारी विचारों को पहुंचाने तथा संगठन को अधिक सक्रिय बनाने का आह्वान किया।
बैठक के मुख्य अतिथि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मनीष मक्कासर थे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में विधायक विनोद गोठवाल, सरपंच प्रतिनिधि ललकार सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष बलवीर सिद्धू, जिला उपाध्यक्ष बालचंद ज्याणी, जिला महासचिव इस्माईल खान, पूर्व उपप्रधान कालूराम गोदारा तथा जिला महासचिव सुखपाल सिंह उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष जसविंद्र सुमल ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि कांग्रेस संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता का आधार होता है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करे और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहे। उन्होंने संगठन की मजबूती के लिए नियमित बैठकों, जनसंपर्क अभियान और नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने पर भी जोर दिया।
विधायक विनोद गोठवाल ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से उठाने और आमजन से निरंतर संवाद बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों को देखते हुए अभी से संगठनात्मक तैयारियां शुरू कर दी जाएं ताकि प्रत्येक बूथ पर पार्टी मजबूत स्थिति में रहे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।