कथावाचक गोपाल सुदामा जी ने सुनाई भगवान शिव के विभिन्न अवतारों की कथा, विधायक गणेशराज बंसल ने किया सम्मान
हनुमानगढ़ टाउन। पवित्र श्रावण (सावन) मास के अवसर पर श्री सनातन धर्म महावीर दल न्यास, हनुमानगढ़ टाउन के पावन तत्वावधान में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा को सोमवार को विश्राम दिया गया। कथा के नौवें दिन व्यासपीठ पर विराजमान प्रसिद्ध कथावाचक श्री गोपाल सुदामा जी ने श्रद्धालुओं को भगवान शिव के विभिन्न अवतारों की महिमा का विस्तारपूर्वक वर्णन करते हुए शिव भक्ति का संदेश दिया। कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए और भगवान शिव के जयकारों से कथा स्थल गूंज उठा। कथावाचक श्री गोपाल सुदामा जी ने भगवान शिव की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि भगवान शिव अपने भक्तों पर सदैव कृपा बरसाते हैं। उन्होंने शिव के विभिन्न स्वरूपों और अवतारों की कथा सुनाते हुए श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति, सत्य एवं सदाचार के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने सुदामा की कथा का भी भावपूर्ण वर्णन किया तथा भगवान के प्रति अटूट श्रद्धा और समर्पण का महत्व बताया।
श्री सनातन धर्म महावीर दल न्यास, हनुमानगढ़ टाउन के अध्यक्ष प्रेमरतन पारीक ने बताया कि कथा के विश्राम अवसर पर स्थानीय विधायक गणेशराज बंसल ने व्यासपीठ पर विराजमान कथावाचक श्री गोपाल सुदामा जी का शाल ओढ़ाकर सम्मान किया। वहीं कथावाचक श्री गोपाल सुदामा जी ने भी विधायक गणेशराज बंसल का शिव दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने दोनों का अभिनंदन किया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































