हनुमानगढ़। ग्राम पंचायत उत्तम सिंह वाला के शेर सिंह वाली ढाणी में आरसेटी हनुमानगढ़ की ओर से आयोजित 12 दिवसीय हस्तनिर्मित अगरबत्ती निर्माण प्रशिक्षण शिविर का मंगलवार को समापन हुआ। समापन समारोह में प्रशिक्षणार्थियों को सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा करने पर प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षण के दौरान अर्जित कौशल का उपयोग स्वरोजगार के रूप में करने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रतिभागियों को प्रेरित किया गया।
समापन कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुदेशक अनिल सिंह राठौड़ ने की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए युवाओं एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को कौशल आधारित प्रशिक्षण से जोड़ना जरूरी है। अगरबत्ती निर्माण ऐसा कार्य है, जिसे कम संसाधनों के साथ भी शुरू किया जा सकता है। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को अगरबत्ती तैयार करने से लेकर उसकी गुणवत्ता, पैकिंग तथा व्यवसाय के विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त हुई।
12 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में कुल 27 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मास्टर ट्रेनर सुरेश शर्मा ने प्रतिभागियों को अगरबत्ती निर्माण की विभिन्न तकनीकों एवं बारीकियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को कच्चे माल के उपयोग, मिश्रण तैयार करने, अगरबत्ती बनाने, सुखाने, गुणवत्ता बनाए रखने तथा तैयार उत्पाद की पैकिंग आदि के संबंध में जानकारी दी गई। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण के दौरान सीखी तकनीकों का अभ्यास भी किया।
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर प्रतिभागियों के कौशल एवं प्रशिक्षण की जानकारी का मूल्यांकन किया गया। ईडीपी असेसर राजवीर सिंह तथा डोमेन असेसर राकेश स्वामी ने प्रशिक्षणार्थियों का मूल्यांकन किया। मूल्यांकन के बाद सफल प्रशिक्षणार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। प्रमाण-पत्र प्राप्त करने पर प्रतिभागियों में उत्साह देखने को मिला।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































