जंतर-मंतर लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

36

– भगत सिंह चौक पर प्रधानमंत्री का पुतला फूंका, केंद्र सरकार पर लोकतंत्र की हत्या का लगाया आरोप
हनुमानगढ़।
 नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्राओं, छात्रों एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर पुलिस द्वारा किए गए कथित लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित भगत सिंह चौक पर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए तथा छात्र-युवा विरोधी नीतियों का आरोप लगाया। इस दौरान जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने वाले युवाओं और विपक्ष के नेताओं के साथ बल प्रयोग करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है और शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन करने वालों पर पुलिस के माध्यम से कार्रवाई कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्राओं, छात्रों और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर किया गया लाठीचार्ज अत्यंत निंदनीय है।
मक्कासर ने कहा कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के पेपर लीक मामले ने देशभर के लाखों विद्यार्थियों और उनके परिवारों का भविष्य प्रभावित किया है। उनका कहना था कि परीक्षा प्रणाली में आई गंभीर खामियों के कारण युवाओं का विश्वास कमजोर हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले की नैतिक जिम्मेदारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को लेते हुए तत्काल अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।