-संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत रोष मार्च, सरकार पर लोकतंत्र कमजोर करने का आरोप
हनुमानगढ़। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर पंचायतीराज एवं निकाय चुनाव समय पर नहीं कराए जाने के विरोध में ‘संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत जंक्शन स्थित जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में विशाल सभा का आयोजन किया गया। सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट तक रोष मार्च निकालकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला प्रभारी पूसाराम गोदारा उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पंचायत और निकाय चुनावों को बार-बार टालना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय लोकतंत्र की नींव होते हैं, और यदि समय पर चुनाव नहीं होंगे तो जनता का विश्वास कमजोर होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जन-जन तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाने का आह्वान किया।
सहप्रभारी डॉ. सुनील लारा ने कहा कि सरकार जानबूझकर चुनावों में देरी कर रही है ताकि अपनी प्रशासनिक विफलताओं को छुपाया जा सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और जरूरत पड़ी तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
लोकसभा सांसद कुलदीप इंदौरा ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान में लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने का प्रावधान है, लेकिन वर्तमान सरकार इन संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़ी रहेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि संगठन को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करना होगा और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करना होगा। उन्होंने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































