हनुमानगढ़ में कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया

147

हनुमानगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आज कांग्रेस पार्टी का 140वां स्थापना दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने पार्टी ध्वज का विधिवत ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेंद्र दादरी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। आयोजन की शुरुआत कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा सामूहिक रूप से वंदे मातरम् के गायन से की गई, जिसके पश्चात भारत माता के जयकारों के साथ ध्वजारोहण संपन्न हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर व पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र दादरी ने कहा कि कांग्रेस देश की सबसे पुरानी और ऐतिहासिक पार्टी है, जिसने आज़ादी की लड़ाई से लेकर लोकतंत्र की मजबूती तक हर दौर में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी 140 वर्षों से सामाजिक न्याय, समानता, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष करती आ रही है। मक्कासर ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं और संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में देश को एकजुटता, सद्भाव और संवैधानिक मूल्यों की सबसे अधिक आवश्यकता है और कांग्रेस पार्टी ही इन मूल्यों की सच्ची वाहक है।

कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी के इतिहास और उसके योगदान को याद करते हुए संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर जिला कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।