हनुमानगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर अरावली पर्वतमाला के संरक्षण को लेकर चलाए जा रहे अरावली बचाओ अभियान के तहत ग्राम पंचायत 30 एसएसडब्ल्यू के चक 26 एसएसडब्ल्यू में पदयात्रा का आयोजन किया गया। पदयात्रा का नेतृत्व ब्लॉक अध्यक्ष संदीप सिंह सिधू ने किया, जबकि कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने विशेष रूप से शिरकत कर कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों का उत्साह बढ़ाया।
पदयात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने अरावली क्षेत्र में हो रहे कथित अवैध खनन, पर्यावरणीय क्षरण और प्राकृतिक संसाधनों के दोहन के खिलाफ आवाज बुलंद की। पदयात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए जनसंवाद के रूप में आगे बढ़ी, जहां ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि अरावली पर्वतमाला केवल पहाड़ों की श्रृंखला नहीं, बल्कि उत्तर भारत के पर्यावरण संतुलन की रीढ़ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों के चलते अरावली क्षेत्र में खनन माफिया बेलगाम हो गए हैं, जिससे जलस्तर गिर रहा है और भविष्य में गंभीर पर्यावरणीय संकट खड़ा हो सकता है। मक्कासर ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी और गांव-गांव जाकर जनता को जागरूक करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप दें।
ब्लॉक अध्यक्ष संदीप सिंह सिधू ने कहा कि अरावली बचाओ पदयात्रा का उद्देश्य सिर्फ विरोध दर्ज कराना नहीं, बल्कि आमजन को यह समझाना है कि पर्यावरण की रक्षा सीधे उनके जीवन, खेती और आने वाली पीढ़ियों से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि अगर आज अरावली को नहीं बचाया गया, तो आने वाले समय में जल संकट और प्राकृतिक आपदाएं बढ़ेंगी। सिधू ने ग्रामीणों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान जिला अध्यक्ष मनीष मक्कासर का स्वागत वार्ड संख्या पांच में हंसराज नायक के निवास पर किया गया, जहां स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से उनका अभिनंदन किया।
पदयात्रा में रामेश्वर चांवरिया, मंडल अध्यक्ष रणवीर, पूर्व सरपंच रेशम सिंह, सरपंच रोहित स्वामी, मंडल अध्यक्ष यश चिलाना, शाहरुख, ठाकर राम गोदारा, राजू बराङ, गुरलाल मान, सरपंच गुरप्रीत मान, पीयूष मोंगा, सुरेंद्र, बनवारी नायक, रामस्वरूप, रमेश नायक, चेतराम, भागा राम, भूरा राम, दलीप खाती, मणिराम, सोना राम गोदारा, बजरंग, साहब राम गोदारा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में अरावली के संरक्षण और पर्यावरण बचाने का संकल्प लेते हुए पदयात्रा का समापन किया गया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































